पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर इंटर कॉलेज कालिकन धाम केंद्र पर हुई मॉक ड्रिल

पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर इंटर कॉलेज कालिकन धाम केंद्र पर हुई मॉक ड्रिल
संग्रामपुर/अमेठी। आगामी पुलिस नागरिक सुरक्षा (सिपाही) भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को इंटर कॉलेज कालिकन धाम परीक्षा केंद्र पर प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा व्यापक मॉक ड्रिल (फुल रिहर्सल) आयोजित की गई।
8, 9 एवं 10 जून को दो पालियों में आयोजित होने वाली भर्ती परीक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी संसाधनों तथा कर्मचारियों की तैयारियों का गहन परीक्षण किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग प्रक्रिया एवं बायोमेट्रिक सत्यापन उपकरणों की कार्यप्रणाली की जांच की गई।
अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों का निरीक्षण कर लाइव मॉनिटरिंग और रिकॉर्डिंग व्यवस्था का परीक्षण किया। इसके अलावा बिजली आपूर्ति, जनरेटर बैकअप, पेयजल, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल किट और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं परीक्षा केंद्र प्रभारी अनुश्री त्रिपाठी के नेतृत्व में आयोजित इस रिहर्सल के दौरान केंद्र की सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया तथा ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मॉक ड्रिल में प्रधानाचार्य आर.पी. सिंह, थानाध्यक्ष संजय सिंह, सीडीपीओ रूपेश कुमार सहित विभिन्न थानों के पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।