एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत मैलानी में हुआ वृक्षारोपण, डीएफओ कीर्ति चौधरी ने किया नेतृत्व


मैलानी-खीरी। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत शनिवार को नगर पंचायत मैलानी में व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) कीर्ति चौधरी ने किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष कीर्ति माहेश्वरी उपस्थित रहीं। इस अवसर पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष गुरमीत कौर, समाजसेवी भवानी शंकर माहेश्वरी, रेंजर साजिद हसन, वन विभाग के कर्मचारी, पत्रकार नंद किशोर पांडेय, अजीत सक्सेना तथा आईटीआई के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत बच्चों एवं उपस्थित लोगों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पर्यावरण संरक्षण संबंधी संकल्पों का उल्लेख करते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संदेश दिया गया।
वृक्षारोपण के उपरांत डीएफओ कीर्ति चौधरी ने नगर पंचायत अध्यक्ष कीर्ति माहेश्वरी के साथ श्मशान घाट परिसर में भी पौधरोपण किया। इसके बाद उन्होंने नगर पंचायत मैलानी स्थित गौशाला का निरीक्षण किया तथा गोवंशों को खीरा खिलाकर उनका हालचाल जाना।
निरीक्षण के दौरान डीएफओ ने गौशाला में गोवंशों के रखरखाव, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने गौशाला कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि गोवंशों की देखभाल के लिए किए जा रहे प्रयास अनुकरणीय हैं। साथ ही उन्होंने गौशाला की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार बेहतर प्रबंधन बनाए रखने की अपेक्षा जताई।