DPC के बाद 36 PCS अधिकारियों के IAS बनने का रास्ता साफ, वरिष्ठ अफसरों की सूची जारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश प्रशासनिक सेवा (PCS) के 36 वरिष्ठ अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में पदोन्नति मिलने की प्रक्रिया तेज हो गई है। विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक के बाद इन अधिकारियों के IAS कैडर में शामिल होने की संभावना बढ़ गई है। अंतिम निर्णय केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद लिया जाएगा।

पदोन्नति की संभावित सूची में वर्ष 1997 बैच के हरिश चन्द्र और वर्ष 1999 बैच के प्रभूनाथ सहित विभिन्न बैचों के अधिकारी शामिल हैं। सूची में अंजू कटियार, अमर पाल सिंह, आलोक वर्मा, डॉ. विश्राम, अशोक कुमार कनौजिया, पुष्पराज सिंह, संजय कुमार सिंह, राज कुमार द्विवेदी, राकेश कुमार पटेल और सुशीला जैसे वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं।

इसके अलावा वर्ष 2011 बैच के कई अधिकारियों के नाम सूची में हैं, जिनमें विवेक श्रीवास्तव (सचिव, लखनऊ विकास प्राधिकरण), योगानन्द पांडेय (एडीएम सिटी, अयोध्या), डॉ. नितिन मदान (एडीएम ई, रामपुर), पंकज वर्मा (सचिव, मुरादाबाद विकास प्राधिकरण), गरिमा स्वरूप (ओएसडी, चुनाव आयोग), संदीप कुमार (एडीएम एफआर, हापुड़) और अमित सिंह (डिप्टी चीफ इलेक्शन ऑफिसर, लखनऊ) प्रमुख हैं। वर्ष 2012 बैच के विश्वभूषण मिश्रा, जो वर्तमान में काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) हैं, का नाम भी सूची में शामिल है।

इन अधिकारियों को IAS में पदोन्नति मिलने के बाद प्रदेश के प्रशासनिक ढांचे में उनकी जिम्मेदारियां और बढ़ जाएंगी। DPC की संस्तुति के बाद अब केंद्र सरकार और संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की औपचारिक मंजूरी का इंतजार है। मंजूरी मिलने पर सभी चयनित अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा का दर्जा प्रदान किया जाएगा।