लखनऊ। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल ने यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों की वापसी के दौरान अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए 10 जून 2026 को चार विशेष रेलगाड़ियों की व्यवस्था की है। इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के लिए स्टेशन पर विशेष प्रबंध किए गए हैं।

लखनऊ स्टेशन से संचालित की गई विशेष रेलगाड़ियों में 22-22 कोच लगाए गए हैं। इनमें गाड़ी संख्या 04202 लखनऊ–अयोध्या कैंट–वाराणसी, गाड़ी संख्या 04206 लखनऊ–अयोध्या कैंट–वाराणसी, गाड़ी संख्या 04208 लखनऊ–रायबरेली–प्रयागराज तथा गाड़ी संख्या 04201 लखनऊ–कानपुर सेंट्रल–झांसी शामिल हैं।
इसी क्रम में यात्रियों की बढ़ती संख्या और स्टेशन पर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे, लखनऊ श्री सुनील कुमार वर्मा ने लखनऊ स्टेशन का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लेटफॉर्म, प्रवेश एवं निकास द्वार, टिकटिंग व्यवस्था और यात्री सुविधाओं का अवलोकन किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा अभ्यर्थियों और अन्य यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा भीड़ प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
स्टेशन पर यात्रियों की सहायता एवं मार्गदर्शन के लिए वाणिज्य विभाग, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के अतिरिक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती की गई है।

निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक सुश्री नीलिमा सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री समर्थ गुप्ता, स्टेशन निदेशक श्री गौरव दीक्षित सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।