लखनऊ, 10 जून। उत्तर प्रदेश में निवेश को नई गति देने और प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इन्वेस्ट यूपी और इन्वेस्ट इंडिया के बीच एक महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में निवेश संवर्धन, रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने तथा राज्य में नए निवेश अवसरों की पहचान पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में इन्वेस्ट इंडिया की प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (MD & CEO) सुश्री निवृत्ति राय ने भाग लिया। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर निवेश परिदृश्य, विभिन्न राज्यों में चल रही प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति और निवेश संवर्धन से जुड़े उभरते रुझानों पर विस्तृत प्रस्तुति दी। प्रस्तुति में घरेलू और वैश्विक निवेश आकर्षित करने की संभावनाओं तथा निवेशकों की अपेक्षाओं पर भी प्रकाश डाला गया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य निवेश संवर्धन के क्षेत्र में दोनों संस्थाओं के बीच सहयोग को मजबूत करना, विभिन्न क्षेत्रों में निवेश की नई संभावनाओं को तलाशना और निवेश परियोजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना था। इस दौरान विशेष रूप से एफडीआई आकर्षित करने और निवेश प्रक्रिया को और अधिक सुगम बनाने के लिए संयुक्त रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया गया।

चर्चा के दौरान निवेशकों तक प्रभावी पहुंच बनाने, निवेश सुविधा तंत्र को सशक्त करने तथा राज्य और राष्ट्रीय निवेश संवर्धन एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया। दोनों संस्थाओं ने निवेशकों को सहज अनुभव प्रदान करने और परियोजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने के लिए मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।

बैठक में इन्वेस्ट यूपी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विजय किरन आनंद, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रेरणा शर्मा, शशांक चौधरी सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इन्वेस्ट इंडिया और इन्वेस्ट यूपी के बीच यह सहयोग उत्तर प्रदेश के निवेश पारिस्थितिकी तंत्र को और मजबूत करेगा तथा राज्य को देश और दुनिया के निवेशकों के लिए एक पसंदीदा निवेश गंतव्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह पहल प्रदेश की दीर्घकालिक आर्थिक वृद्धि, रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास को नई ऊर्जा प्रदान करेगी।