हांसी में जिम ट्रेनर कपिल की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, CCTV में कैद वारदात, युवती घायल, जांच में जुटी पुलिस।

नई दिल्ली/अमर भारती। हरियाणा के हिसार जिले के हांसी शहर में गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक जिम ट्रेनर की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी। इस हमले में वहां मौजूद एक युवती भी घायल हो गई। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय कपिल के रूप में हुई है। वह मूल रूप से जींद जिले के डालमवाला गांव का रहने वाला था और पिछले करीब तीन वर्षों से हांसी के शांति निकेतन क्षेत्र में रहकर रेड जिम का संचालन कर रहा था। बताया जा रहा है कि कपिल ने कुछ समय पहले अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था। उसकी पत्नी फिलहाल अपने मायके में रह रही है।
वर्कआउट के दौरान किया हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुरुवार सुबह कपिल जिम के बाहर युवाओं को वार्मअप और वर्कआउट का प्रशिक्षण दे रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए दो नकाबपोश हमलावर जिम के सामने रुके और बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि एक हमलावर महज कुछ सेकेंड के भीतर लगातार गोलियां चलाता है। पुलिस के मुताबिक हमलावरों ने कपिल के सिर और पीठ को निशाना बनाया। गोली लगते ही कपिल जमीन पर गिर पड़ा।
युवती भी गोली लगने से घायल
फायरिंग के दौरान वहां मौजूद शिखा नाम की युवती भी गोली की चपेट में आ गई। उसके कंधे और पैर में गोली लगी है। घायल युवती को तत्काल हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
करीब 10 राउंड फायरिंग से मची भगदड़
प्रत्यक्षदर्शियों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर माना जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 10 राउंड फायरिंग की। गोलियों की आवाज सुनते ही जिम परिसर और आसपास अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद युवक-युवतियां जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल कपिल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौके से मिले 10 खोखे
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, सीआईए और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान घटनास्थल से 10 खोखे बरामद किए गए हैं। डीएसपी विनोद शंकर ने बताया कि पुलिस को सुबह करीब छह बजे घटना की सूचना मिली थी। मामले की जांच के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस को साजिशन हत्या की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि वारदात पूरी योजना और रेकी के बाद अंजाम दी गई। कपिल रोजाना इसी स्थान पर युवाओं को प्रशिक्षण देता था और हमलावर उसकी दिनचर्या से अच्छी तरह परिचित दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस व्यक्तिगत रंजिश, पुरानी दुश्मनी और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि कपिल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी हत्या की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। वहीं, इस घटना के बाद पूरे हांसी शहर में भय और आक्रोश का माहौल है।
यहां भी पढ़ें-
TMC के कांग्रेस में विलय की अटकलें: ममता बनर्जी तैयार लेकिन शर्तों पर अड़ी!
NDA की ऐतिहासिक बैठक! चुनौतियों में संगठित रहने के वादे के साथ विकसित भारत 2047 का संकल्प