ब्यूटी पार्लर में लगी भीषण आग: इलाके में मची अफरा-तफरी, फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

लखनऊ। राजधानी के हजरतगंज स्थित गौतमपल्ली थाना क्षेत्र की क्रिश्चियन कॉलोनी में गुरुवार सुबह एक ब्यूटी पार्लर में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग से उठे घने धुएं के कारण भवन की ऊपरी छत पर फंसे दो लोगों को दमकलकर्मियों ने सीढ़ी के सहारे सुरक्षित नीचे उतार लिया। करीब एक घंटे तक चले अभियान के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया, हालांकि पार्लर में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी के अनुसार सुबह हजरतगंज फायर स्टेशन कंट्रोल रूम को सूचना प्राप्त हुई कि क्रिश्चियन कॉलोनी स्थित ‘जस्ट फॉर डिवाइस’ केडीए पार्लर में आग लग गई है। सूचना मिलते ही हजरतगंज फायर स्टेशन से तीन फायर टेंडर रवाना किए गए। वहीं चौक फायर स्टेशन के प्रभारी अग्निशमन अधिकारी पुष्पेंद्र यादव भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू कर दी।

धुएं से घिरे दो लोग छत पर पहुंचे, फायरकर्मियों ने बचाई जान

दमकल विभाग की टीम जब मौके पर पहुंची तो पता चला कि आग भवन के भूतल पर स्थित ब्यूटी पार्लर में लगी थी, जबकि प्रथम और द्वितीय तल पर लोग रह रहे थे। आग से निकले घने धुएं के कारण भवन में रहने वाले हफीज उल्ला और शादाब खान अपनी जान बचाने के लिए छत पर पहुंच गए थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायरकर्मियों ने तत्काल सीढ़ी लगाकर दोनों को सुरक्षित नीचे उतार लिया और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

स्मोक एग्जॉस्टर की मदद से निकाला गया धुआं

बचाव कार्य के साथ-साथ फायर टीम ने मोटर फायर इंजन के जरिए पानी की बौछार कर आग बुझाने का अभियान चलाया। आग पर नियंत्रण पाने के बाद स्मोक एग्जॉस्टर की सहायता से पूरे भवन में भरा धुआं बाहर निकाला गया। लगातार प्रयासों के बाद दमकलकर्मियों ने आग को पूरी तरह बुझाने में सफलता हासिल की।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, बड़ा नुकसान

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। मकान मालिक के अनुसार, आग भूतल पर संचालित ब्यूटी पार्लर में लगी थी, जिसकी संचालिका दीपिका राठौड़ हैं। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन पार्लर में रखा फर्नीचर, उपकरण और अन्य सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। अग्निशमन विभाग आग से हुए नुकसान का आकलन करने के साथ ही घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रहा है।