
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सबसे बड़ी ताकत होती है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के साथ खिलवाड़ करने में लगी हुई है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश की जनता पूरी तरह सतर्क है और इस बार भाजपा का कोई भी छल, बल, धोखा या राजनीतिक चाल सफल नहीं होगी।
गुरूवार को लखनऊ स्थित सपा प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और महिलाएं तथा बेटियां खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। उन्होंने कन्नौज, कौशांबी, प्रतापगढ़, गाजीपुर, हाथरस और कानपुर समेत कई जिलों में बच्चियों की हुई निर्मम हत्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पीड़ित परिवारों को अब तक न्याय नहीं मिला है। उनका आरोप था कि भाजपा सरकार में दोषियों को संरक्षण दिया जाता है, जबकि निर्दोष लोगों पर अत्याचार किए जाते हैं।
1090 महिला हेल्पलाइन को निष्क्रिय करने का लगाया आरोप
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान महिलाओं की सुरक्षा और सहायता के लिए शुरू की गई 1090 वूमेन हेल्पलाइन सेवा को बीजेपी सरकार ने निष्क्रिय कर दिया। उन्होंने कहा कि यह सेवा महिलाओं और बेटियों को सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनकी समस्याओं के समाधान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती थी। उनके अनुसार, इस व्यवस्था के कमजोर होने से महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई है।
फर्जी एनकाउंटर से नहीं सुधर सकती कानून-व्यवस्था
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर फर्जी एनकाउंटर को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार फर्जी एनकाउंटर का प्रचार कर कानून-व्यवस्था बेहतर होने का दावा करती है, जबकि इस तरह की कार्रवाई से अपराध पर स्थायी नियंत्रण संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि कानून का राज स्थापित करने के लिए निष्पक्ष और प्रभावी व्यवस्था जरूरी है।
महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर, जनता वसूलेगी हिसाब
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच चुके हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश में जमीनों पर अवैध कब्जों की घटनाएं बढ़ी हैं और भू-माफियाओं को सरकार का संरक्षण प्राप्त है। गरीबों के साथ अन्याय हो रहा है और आम जनता को न्याय नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने कहा कि जनता इन सभी मुद्दों को गंभीरता से देख रही है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को इसकी भारी राजनीतिक कीमत चुकानी पड़ेगी। अखिलेश यादव ने दावा किया कि प्रदेश में कल्याणकारी राज्य की अवधारणा को प्रभावी ढंग से लागू करने की क्षमता केवल समाजवादी सरकार में ही है और जनता इस बात को अच्छी तरह समझती है।