
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में शुक्रवार सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया। दिन की शुरुआत के साथ ही उमस और तपन ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया, जिससे घरों से बाहर निकलना लोगों के लिए मुश्किल हो रहा है। मौसम में बीच-बीच में बादलों की आवाजाही भी देखने को मिल सकती है, लेकिन इससे गर्मी से खास राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार आज शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
सामान्य से अधिक दर्ज हुआ तापमान, आर्द्रता ने बढ़ाई बेचैनी
गुरुवार को भी लखनऊ में भीषण गर्मी का असर देखने को मिला। शहर का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री ज्यादा था। आर्द्रता के स्तर ने भी लोगों की परेशानी बढ़ाई। अधिकतम आर्द्रता 59 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 33 प्रतिशत दर्ज की गई, जिसके कारण दिनभर उमस बनी रही।
अगले पांच दिनों तक बढ़ेगा पारा, लू चलने की संभावना बरकरार
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार प्रदेश के कुछ हिस्सों में थंडरस्टॉर्म, बूंदाबांदी और छिटपुट बारिश की संभावना बनी हुई है, लेकिन इसके बावजूद आगामी पांच दिनों के दौरान तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने के संकेत हैं। उन्होंने बताया कि लू जैसी परिस्थितियां फिलहाल बनी रह सकती हैं। साथ ही, उत्तर प्रदेश और लखनऊ में मानसून के प्रवेश के लिए अभी अनुकूल परिस्थितियां विकसित नहीं हुई हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है।
आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है गर्मी
लखनऊ में मौसम फिलहाल सामान्य बना हुआ है, लेकिन तापमान लगातार ऊपर की ओर बढ़ रहा है। सुबह से ही गर्म हवाओं के थपेड़े महसूस किए जा रहे हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में शहर का अधिकतम तापमान वर्तमान स्तर से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ सकता है। यदि यही स्थिति बनी रही तो जून महीने के दौरान इस सीजन का सबसे अधिक तापमान दर्ज होने की संभावना है। इससे आमजन को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है।