
लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र स्थित उषा मेहता मार्ग, सेक्टर-डी में एक कोचिंग संस्थान में सोमवार को भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। जिस भवन में आग लगी, उसके निचले हिस्से में पेट शॉप संचालित हो रही थी, जबकि ऊपरी मंजिल पर कोचिंग लाइब्रेरी और कोचिंग संस्थान चल रहा था।
आग और धुएं के बीच फंसे लोगों को बचाने के प्रयास के दौरान एक युवक ऊपरी मंजिल से कूद गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल भेजा गया है। घटना में कई अन्य लोगों के भी घायल होने की सूचना है।

सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म सहित कुल 14 फायर टेंडर आग बुझाने और राहत कार्य में लगाए गए। कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया और भवन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने, राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने तथा घायलों को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रशासन को हर स्तर पर सतर्कता बरतने और राहत कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए अधिकारियों से स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने को कहा है।
वहीं, लखनऊ के जिलाधिकारी विशाख अय्यर भी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।