IAS पार्थ सारथी सेन शर्मा को भेंट की गई ‘साथी हाथ बढ़ाना’ पुस्तक: लेखक सुनील यादव को दी शुभकामनाएं

लखनऊ। अपर मुख्य सचिव, आईएएस, पार्थ सारथी सेन शर्मा को लेखक सुनील कुमार यादव द्वारा लिखित पुस्तक “साथी हाथ बढ़ाना: Basic Life Support, Emergency Response and Life-Saving Skills” भेंट की गई। इस अवसर पर अपर मुख्य सचि ने पुस्तक का प्रारंभिक अध्ययन किया तथा इसकी विषयवस्तु, उपयोगिता और जनहित में महत्व को सराहनीय बताया।

पुस्तक के अवलोकन के बाद पार्थ सारथी सेन शर्मा ने कहा कि यह पुस्तक बेसिक लाइफ सपोर्ट, आपातकालीन प्रतिक्रिया और जीवनरक्षक कौशलों को सरल एवं व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करती है। उन्होंने पुस्तक की सामाजिक उपयोगिता और जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में इसकी प्रासंगिकता की प्रशंसा करते हुए लेखक सुनील यादव को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। साथ ही उन्होंने पुस्तक के संबंध में अपना विस्तृत समीक्षात्मक अभिमत देने की बात भी कही। लेखक के लिए यह अवसर अत्यंत सम्मान और प्रेरणा का विषय माना जा रहा है।

यह पुस्तक स्वास्थ्यकर्मियों, विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों को आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावी सहायता प्रदान करने के लिए आवश्यक जीवनरक्षक कौशलों की जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास करती है। पुस्तक में विषयों को सरल, जनसुलभ और व्यावहारिक ढंग से प्रस्तुत किया गया है, जिससे आमजन भी आपातकालीन स्थितियों में सही निर्णय लेने और मदद पहुंचाने में सक्षम बन सकें।

लेखक सुनील कुमार यादव ने कहा कि अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा का स्नेह, प्रोत्साहन और मार्गदर्शन उनके लिए निरंतर प्रेरणास्रोत है। उन्होंने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की व्यस्त जिम्मेदारियों के बावजूद अपर मुख्य सचिव स्वयं भी कई महत्वपूर्ण मार्गदर्शक पुस्तकों का लेखन कर चुके हैं। उनके साहित्यिक और शैक्षिक योगदान से लेखकों, शिक्षाविदों और विद्यार्थियों को निरंतर प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने कहा कि पुस्तक को वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी द्वारा मिली यह सराहना न केवल लेखक के उत्साह को बढ़ाने वाली है, बल्कि इसकी सामाजिक उपयोगिता और व्यापक जनहितकारी उद्देश्य को भी नई ऊर्जा प्रदान करेगी।