
लखनऊ। नगर निगम लखनऊ की कार्यकारिणी समिति के सेवानिवृत्त छह सदस्यों के रिक्त पदों की पूर्ति हेतु सोमवार को नगर निगम मुख्यालय में महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में विशेष अधिवेशन एवं चुनाव प्रक्रिया का आयोजन किया गया। चुनाव में छह पदों के सापेक्ष छह प्रत्याशियों द्वारा नामांकन किए जाने के कारण सभी प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।
विशेष अधिवेशन से पूर्व हुई बैठक
विशेष अधिवेशन से पहले भाजपा मुख्यालय के बगल स्थित 9 बंगला में महापौर सुषमा खर्कवाल ने भारतीय जनता पार्टी महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी जी के साथ पार्षदगणों की बैठक में सहभागिता की। बैठक में संगठनात्मक विषयों, नगर विकास से जुड़े मुद्दों तथा विशेष अधिवेशन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
पार्षदों के साथ निकाली पदयात्रा
बैठक के उपरांत महापौर सुषमा खर्कवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी एवं पार्षदगणों ने नगर निगम मुख्यालय तक पदयात्रा निकाली। इस दौरान लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहभागिता एवं संगठनात्मक एकजुटता का संदेश दिया गया।
छह पार्षदों ने दाखिल किया नामांकन
नगर निगम मुख्यालय में आयोजित चुनाव प्रक्रिया के दौरान भाजपा से लालकुआं वार्ड से सुशील तिवारी ‘पम्मी’, तिलक नगर कुंडरी रकाबगंज वार्ड से राजीव बाजपेई, राजीव गांधी प्रथम वार्ड से संजय राठौर, न्यू हैदरगंज तृतीय वार्ड से विनोद यादव, फैजुल्लागंज प्रथम वार्ड से रश्मि सिंह तथा समाजवादी पार्टी से पार्षद भरवारा मल्हौर वार्ड ममता रावत ने कार्यकारिणी समिति सदस्य पद हेतु अपना नामांकन प्रस्तुत किया।
सभी प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए
निर्धारित छह पदों के सापेक्ष छह ही नामांकन प्राप्त होने के कारण सभी प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। इसके साथ ही नगर निगम कार्यकारिणी समिति के रिक्त छह पदों की पूर्ति हो गई।
महानगर अध्यक्ष ने दी शुभकामनाएं
निर्विरोध निर्वाचन के उपरांत भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने सभी विजयी सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कार्यकारिणी समिति के सदस्य नगर निगम की नीतियों एवं विकास कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे तथा जन अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करेंगे।