
संग्रामपुर/अमेठी। विकास खंड संग्रामपुर की ग्राम पंचायत ठेंगहा में शनिवार को रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी आकांक्षा सिंह ने की। इस दौरान डीसी मनरेगा ने ग्रामीणों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए अभिभावकों से बच्चों की नियमित पढ़ाई सुनिश्चित करने और शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी और उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
रात्रि चौपाल के दौरान कुल सात शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें जल जीवन मिशन से संबंधित समस्याएं, मालती नदी पर राष्ट्रीय राजमार्ग के पुल निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हुई इंटरलॉकिंग सड़क सहित अन्य स्थानीय जनसमस्याएं प्रमुख रहीं। अधिकारियों ने सभी शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ठेंगहा के बबुरी गांव में इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य को लेकर मिली शिकायत पर अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। जांच में शिकायतित स्थान पर इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य नहीं पाया गया। इस पर संबंधित अधिकारियों को पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा दोषी पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सतीश सिंह ने बताया कि संबंधित मार्ग पर विवाद होने के कारण वहां इंटरलॉकिंग का निर्माण कार्य नहीं कराया जा सका था। इसके चलते स्वीकृत कार्य को दूसरे स्थान पर कराया गया।
चौपाल के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को आवश्यक दवाओं का वितरण किया तथा स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।
इस अवसर पर एडीओ पंचायत लाल शशिकांत सिंह, ग्राम पंचायत सचिव मिथिलेश यादव, बीसीपीएम तीर्थराज यादव, पंचायत सहायक शिवप्राण, कृषि विभाग के प्रदीप कुमार, रोजगार सेवक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।