बाराबंकी में निर्माणाधीन गेस्ट हाउस की स्लैब गिरी: 1 मजदूर की मौत, 7 घायल


बाराबंकी। जिले के हैदरगढ़ क्षेत्र में शनिवार को एक निर्माणाधीन गेस्ट हाउस की स्लैब गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि सात मजदूर घायल हो गए। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की है। घटना के बाद प्रशासन, पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।
प्रशासन के अनुसार, हादसे के समय निर्माणाधीन परिसर में कुल 28 लोग मौजूद थे। जिस हिस्से में स्लैब गिरी, वहां 10 से 11 मजदूर काम कर रहे थे। करीब 2000 वर्ग फुट क्षेत्र में स्लैब डालने का कार्य चल रहा था। अचानक शटरिंग और स्लैब भरभराकर गिर गई, जिससे कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत कार्य शुरू कराया। जेसीबी और अन्य उपकरणों की मदद से मलबा हटाकर सभी फंसे मजदूरों को बाहर निकाला गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन ने बताया कि राहत एवं बचाव अभियान पूरा कर लिया गया है और सभी मजदूरों का सत्यापन कर लिया गया है।
घायलों में भाईलाल (32) पुत्र श्यामलाल निवासी ढकिया, थाना हैदरगढ़, रामसुख (35) पुत्र चेतराम निवासी ढकिया, प्रदीप पुत्र रामविलास निवासी ऊंच धौरहरा, सर्वेश पुत्र रामसजीवन निवासी मौरिया का पुरवा, थाना लोनीकटरा, रामहित पुत्र चेतराम निवासी ढकिया, जमुना प्रसाद पुत्र रामबहादुर निवासी हरंपुर-पांवे (सराय चौबे), तथा मुकेश कुमार पुत्र रामविलास निवासी राणापुर शामिल हैं। इसके अलावा देशराज पुत्र चंद्रिका प्रसाद निवासी कान्हूपुर, थाना लोनीकटरा भी घायल हुए हैं।
जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच कराई जा रही है। निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं और पूरे मामले की निगरानी की जा रही है।