
पंकज चतुर्वेदी
बाराबंकी। जनपद के हैदरगढ़ क्षेत्र में बारा टोल प्लाजा से नवोदय विद्यालय तक राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे लगे राजनीतिक होर्डिंग्स सोमवार को चर्चा का केंद्र बन गए। इन होर्डिंग्स में पीएम नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीरों के मुंह पर टेप लगा हुआ दिखाया गया है। साथ ही महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक और अयोध्या के राम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी जैसे मुद्दों को लेकर केंद्र और प्रदेश सरकार से सवाल पूछे गए हैं। हाईवे से गुजरने वाले लोग इन होर्डिंग्स को देखने के लिए वाहन धीमे कर संदेश पढ़ते नजर आए, जबकि सोशल मीडिया पर भी इनकी तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, ये होर्डिंग्स कांग्रेस के पूर्व सांसद के पुत्र जयंत गौतम की ओर से लगवाए गए हैं। होर्डिंग्स के निचले हिस्से में उनकी तस्वीर भी लगी हुई है। राजनीतिक संदेशों से सजे इन होर्डिंग्स को लेकर क्षेत्र में अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे विपक्ष की मुखर राजनीति बता रहे हैं, जबकि कुछ का कहना है कि यह जनता का ध्यान विभिन्न मुद्दों की ओर आकर्षित करने का प्रयास है।
बीजेपी की शिकायत पर हरकत में आया प्रशासन
मामले में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की तस्वीरों पर मुंह पर टेप दर्शाए जाने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए प्रशासन से शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जयंत गौतम को हिरासत में लेकर हैदरगढ़ कोतवाली में पूछताछ की। क्षेत्राधिकारी संगम कुमार ने बताया कि जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया गया कि होर्डिंग लगाने से पहले भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं, साथ ही इन होर्डिंग्स को लगाने का उद्देश्य क्या था।
कांग्रेस नेताओं के पहुंचने पर छोड़ा गया, एफआईआर की तैयारी
देर रात बाराबंकी के सांसद तनुज पुनिया और कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहसिन के हैदरगढ़ कोतवाली पहुंचने के बाद जयंत गौतम को छोड़ दिया गया। वहीं, हैदरगढ़ के एसडीएम राजेश विश्वकर्मा ने कहा कि मामला गंभीर है और इस संबंध में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने भी पूरे प्रकरण की रिपोर्ट तलब की है। फिलहाल भाजपा की ओर से इस मामले में कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है।