सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का जन्मदिन: CM योगी और मायावती ने दी शुभकामनाएं

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का आज जन्मदिन मनाया जा रहा है। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके उत्तम स्वास्थ्य तथा दीर्घायु होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। प्रभु श्री राम से आपके लिए आरोग्यता और दीर्घायु की प्रार्थना है।”

प्रदेशभर में सपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जन्मदिन

अखिलेश यादव के जन्मदिन के अवसर पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता प्रदेश के विभिन्न जिलों में उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। कई स्थानों पर केक काटकर, पौधारोपण, रक्तदान शिविर और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। वहीं, समाजवादी पार्टी की ओर से भी अलग-अलग जिलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं, जिनमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं।

मायावती ने दी शुभकामनायें

बसपा प्रमुख मायावती ने लिखा, ‘समाजवादी पार्टी के प्रमुख एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तथा वर्तमान में सपा सांसद श्री अखिलेश यादव जी को आज उनके जन्मदिन पर उन्हें व उनके परिवार वालों को हार्दिक बधाई एवं उनके अच्छे जीवन व लम्बी उम्र की शुभकामनायें।’