महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत बिगड़ी: लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती, सीएम योगी ने स्वास्थ्य का जाना हाल

लखनऊ। महंत नृत्य गोपाल दास राम मंदिर के ट्रस्ट श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष की तबीयत एक बार फिर बिगड़ गई है। स्वास्थ्य खराब होने के बाद उन्हें लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। इससे पहले भी जनवरी महीने में उनकी तबीयत खराब हुई थी, तब भी उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ था और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।

महंत नृत्य गोपाल दास के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनसे मिलने मेदांता अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने डॉक्टरों से महंत जी के स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली थी और उनके बेहतर इलाज के निर्देश दिए थे। महंत नृत्य गोपाल दास की सेहत को लेकर संत समाज और उनके अनुयायियों के बीच भी चिंता का माहौल बना हुआ है।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं महंत नृत्य गोपाल दास

महंत नृत्य गोपाल दास राम मंदिर आंदोलन के सबसे प्रमुख संतों में गिने जाते हैं। उन्होंने आंदोलन के शुरुआती दौर से ही राम जन्मभूमि के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। वर्ष 1986 में वे राम जन्मभूमि मुक्ति यज्ञ समिति के उपाध्यक्ष बने। इसके बाद 1992 में राम जन्मभूमि न्यास की जिम्मेदारी संभाली और लंबे समय तक मंदिर आंदोलन का नेतृत्व किया। वर्तमान में वे श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।

स्वास्थ्य पर डॉक्टरों की लगातार नजर

राम मंदिर आंदोलन के दौरान अदालतों में कानूनी लड़ाई से लेकर सड़क पर जनआंदोलन और संत समाज को एकजुट करने तक महंत नृत्य गोपाल दास की भूमिका बेहद अहम रही। मणिराम दास छावनी के महंत के रूप में उन्होंने सैकड़ों संतों और साधुओं को संगठित किया। भूमि पूजन, राम मंदिर निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा जैसे ऐतिहासिक आयोजनों में भी उनकी महत्वपूर्ण उपस्थिति और योगदान रहा। 88 वर्षीय महंत नृत्य गोपाल दास उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं के चलते पहले भी कई बार अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं। फिलहाल उनके स्वास्थ्य पर डॉक्टरों की लगातार नजर बनी हुई है।