
लखनऊ/उन्नाव। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के करीब साढ़े चार बजे एक भीषण सड़क हादसे में 2 मासूम बच्चों समेत 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 8 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब हरियाणा से बिहार जा रही एक तेज रफ्तार स्लीपर बस अनियंत्रित होकर आगरा से लखनऊ की ओर जा रही अर्टिगा कार से टकरा गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि टक्कर इतनी भीषण थी कि बस एक्सप्रेसवे से नीचे गड्ढे में जा गिरी और पलट गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बस चालक को झपकी आना मानी जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
वहीं, मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।