UPTET अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी: गोरखपुर-लखनऊ के बीच चलेगी अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेन

लखनऊ। आगामी उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल प्रशासन ने गोरखपुर और लखनऊ के बीच एक जोड़ी अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन 2 जुलाई से 4 जुलाई 2026 तक दोनों दिशाओं में संचालित होगी, जिससे परीक्षा देने आने-जाने वाले हजारों अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी।

रेलवे के अनुसार, 05031 गोरखपुर-लखनऊ जंक्शन अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेन 2 से 4 जुलाई तक प्रतिदिन गोरखपुर से शाम 6:30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन खलीलाबाद (7:12 बजे), बस्ती (7:39 बजे), बभनान (8:22 बजे), मनकापुर (9:00 बजे), गोण्डा (10:02 बजे), करनैलगंज (10:35 बजे), बाराबंकी (11:30 बजे) और बादशाहनगर (रात 12:04 बजे) होते हुए रात 12:35 बजे लखनऊ जंक्शन पहुंचेगी।

लखनऊ से रात 1:30 बजे वापसी करेगी ट्रेन

वापसी में 05032 लखनऊ जंक्शन-गोरखपुर अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेन 2 से 4 जुलाई तक प्रतिदिन लखनऊ जंक्शन से रात 1:30 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन बादशाहनगर (2:02 बजे), बाराबंकी (2:46 बजे), करनैलगंज (3:17 बजे), गोण्डा (4:02 बजे), मनकापुर (4:34 बजे), बभनान (5:15 बजे), बस्ती (5:50 बजे) और खलीलाबाद (6:20 बजे) होते हुए सुबह 7:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।

12 अनारक्षित कोचों के साथ चलेगी स्पेशल ट्रेन

रेलवे प्रशासन ने बताया कि परीक्षा स्पेशल ट्रेन में कुल 12 अनारक्षित कोच लगाए जाएंगे। इनमें सामान्य द्वितीय श्रेणी/शयनयान श्रेणी के 10 कोच तथा एसएलआर के 2 कोच शामिल होंगे। रेलवे का उद्देश्य परीक्षा अवधि के दौरान यात्रियों और अभ्यर्थियों को अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध कराना है।