
पंकज चतुर्वेदी
बाराबंकी। जिले के सुंधियामऊ रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक किनारे एक अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही जीआरपी बुढ़वल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल युवक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं और उसकी मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, सुंधियामऊ रेलवे स्टेशन के निकट रेलवे ट्रैक के किलोमीटर संख्या 11/11 से 11/13 के बीच ट्रैक किनारे करीब 28 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। शव बुरी तरह क्षत-विक्षत होने के कारण उसकी मौके पर पहचान नहीं हो सकी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई, जिसके बाद जीआरपी बुढ़वल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की।
जांच में जुटी जीआरपी
जीआरपी प्रभारी दुर्गेश कुमार ने बताया कि मृतक की शिनाख्त कराने के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों सहित अन्य माध्यमों से जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद युवक की मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। पहचान होने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।