
संदीप शुक्ला
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल (पंजीकृत) की इकाई लोधेश्वर व्यापार मंडल की बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए। बैठक के दौरान व्यापारियों ने अपने व्यापार से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को पदाधिकारियों के समक्ष रखा और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की। आगामी श्रावण मास में लगने वाले लोधेश्वर महादेव मेले को लेकर भी व्यापारियों ने अपने-अपने सुझाव और विचार साझा किए। बैठक में व्यापारिक गतिविधियों को बेहतर बनाने, संगठन को मजबूत करने तथा व्यापारियों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।
संगठन विस्तार पर बनी सहमति, नए दायित्व सौंपने पर चर्चा
बैठक में संगठन के विस्तार और कुछ पदाधिकारियों को नए दायित्व सौंपने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। इस प्रस्ताव को उपस्थित व्यापारियों और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की। व्यापार मंडल अध्यक्ष अमित तिवारी ने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों की सभी समस्याओं को उच्च पदाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर उनके समाधान का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
कॉरिडोर निर्माण की धीमी रफ्तार पर जताई चिंता
बैठक में व्यापार मंडल के कोषाध्यक्ष संदीप शुक्ला और वरिष्ठ उपाध्यक्ष चंद्रेश द्विवेदी ने लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की सुस्त रफ्तार के कारण स्थानीय व्यापार प्रभावित हो रहा है। हालांकि उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा बनवाया जा रहा भव्य कॉरिडोर पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में व्यापार और पर्यटन की बेहतर संभावनाएं विकसित होंगी, जिससे व्यापारियों को लाभ मिलेगा।
जल्द होगी अगली बैठक
बैठक में व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं और सुझावों पर विस्तार से चर्चा के बाद उनके समाधान के लिए जल्द ही अगली बैठक आयोजित करने तथा आवश्यक होने पर शासन स्तर पर भी वार्ता करने पर सहमति बनी। अंत में व्यापार मंडल अध्यक्ष अमित तिवारी ने सभी उपस्थित व्यापारियों का आभार व्यक्त किया।
इनकी रही मौजूदगी
इस खास बैठक में अध्यक्ष अमित तिवारी, कोषाध्यक्ष संदीप शुक्ला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष चंद्रेश द्विवेदी, उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह, अरविंद गौतम, प्रचार मंत्री भारत चौरसिया, सचिव सुमित अवस्थी, महबूब आलम, आबिद, संदीप मिश्रा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।