नेक्स्ट जेन आइकॉनिक मिस्टर-मिसेज इंडिया 2026: 22 जुलाई को होगा ग्रैंड फिनाले, देशभर से चुनी गई प्रतिभाएं दिखाएंगी हुनर

लखनऊ। लखनऊ साम रेनेसांस द्वारा आयोजित ‘नेक्स्ट जेन आइकॉनिक मिस, मिस्टर एवं मिसेज इंडिया 2026’ के आगामी ग्रैंड फिनाले को लेकर बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में प्रतियोगिता की रूपरेखा, विशेष आकर्षणों और प्रतिभागियों को मिलने वाले अवसरों की विस्तृत जानकारी साझा की गई। आयोजकों ने बताया कि यह प्रतियोगिता केवल सौंदर्य आधारित मंच नहीं है, बल्कि आत्मविश्वास, व्यक्तित्व, प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और ग्रूमिंग को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का एक सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम का उद्देश्य देशभर की उभरती प्रतिभाओं को मॉडलिंग और फैशन इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाने का अवसर प्रदान करना है।

संस्थापक एवं आयोजक सौम्या साहू ने बताया कि प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले 22 जुलाई 2026 को आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रसिद्ध भारतीय अभिनेत्री तेजस्वी प्रकाश वयंगंकर मुख्य सेलिब्रिटी गेस्ट के रूप में शामिल होंगी और विजेता प्रतिभागियों को क्राउन पहनाकर सम्मानित करेंगी। वहीं, सिद्धार्थ धांधा सेलिब्रिटी फिनाले ज्यूरी के रूप में प्रतिभागियों का मूल्यांकन करेंगे। उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता के लिए लखनऊ, पुणे और जयपुर सहित विभिन्न शहरों में ऑफलाइन ऑडिशन आयोजित किए गए, जबकि ऑनलाइन ऑडिशन के माध्यम से भी देशभर के प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया गया।

युवाओं के व्यक्तित्व और करियर निर्माण का मंच

संजय सिंह ने कहा कि यह प्रतियोगिता युवाओं के लिए केवल एक ब्यूटी पेजेंट नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास बढ़ाने और करियर निर्माण का प्रभावी मंच है। इसके माध्यम से प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के साथ-साथ फैशन, मॉडलिंग और मीडिया जगत में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। वहीं, प्रियंका रघुवंशी ने कहा कि यह प्रतियोगिता प्रतिभागियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व को निखारने का उत्कृष्ट मंच है, जो उन्हें नए अवसरों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

रैंप वॉक और डिजाइनर कलेक्शन होंगे आकर्षण का केंद्र

इशिता रस्तोगी ने बताया कि ग्रैंड फिनाले को भव्य और यादगार बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम में प्रतिभागियों की आकर्षक रैंप वॉक, टैलेंट शोकेस, डिजाइनर कलेक्शन की प्रस्तुति और कई विशेष आकर्षण देखने को मिलेंगे, जो प्रतिभागियों के साथ-साथ दर्शकों के लिए भी यादगार अनुभव साबित होंगे।

सपनों को नई उड़ान देने का प्रयास

आयोजकों ने कहा कि ‘नेक्स्ट जेन आइकॉनिक मिस, मिस्टर एवं मिसेज इंडिया 2026’ केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि प्रतिभाओं के सपनों को नई उड़ान देने वाला मंच है। उनका विश्वास है कि यहां से उभरने वाली प्रतिभाएं भविष्य में फैशन और ग्लैमर इंडस्ट्री में अपनी अलग और मजबूत पहचान स्थापित करेंगी।