लखनऊ में बदला मौसम का मिजाज: गर्मी से मिली राहत, तेज हवाओं के साथ भारी बारिश के आसार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार सुबह से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। सुबह से ही आसमान पर काले बादलों का डेरा है और तेज हवाएं चल रही हैं, जिससे मौसम सुहावना होने के साथ-साथ लोगों को उमस से भी राहत मिली है। सुबह करीब 29 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम में आए इस बदलाव के चलते शहर के कई इलाकों में बारिश की संभावना को लेकर लोगों की नजरें आसमान पर टिकी हैं।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले तीन घंटों के दौरान लखनऊ के कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा के झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे या उससे अधिक की रफ्तार तक पहुंचने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश होने का भी अनुमान जताया गया है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है।

तेज होगी बारिश की गतिविधियां

पूर्वानुमान के मुताबिक, बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। सुबह के समय बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, जबकि दोपहर 12 बजे के बाद बारिश की गतिविधियां तेज होने के आसार हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि दोपहर करीब 2 बजे के आसपास शहर के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में और गिरावट दर्ज होने की संभावना है।