आईएसएसपी फाउंडेशन-डे पर लोहिया संस्थान में निशुल्क बीएमडी-डेक्सा स्कैन शिविर: 100 से अधिक मरीजों की हुई जांच

लखनऊ। इंडियन सोसाइटी फॉर स्टडी ऑफ पेन के स्थापना दिवस के खास अवसर पर डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के पेन मेडिसिन ओपीडी (कक्ष संख्या-35, ओपीडी-2) में निशुल्क बीएमडी (बोन मिनरल डेंसिटी) डेक्सा स्कैन जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 100 से अधिक मरीजों की हड्डियों की मजबूती की जांच निशुल्क की गई। आयोजन में बायोएलीट लाइफ साइंसेज का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। विशेषज्ञों के अनुसार, डेक्सा स्कैन के माध्यम से हड्डियों की घनत्व का पता लगाया जाता है, जिससे ऑस्टियोपोरोसिस जैसी बीमारी की शुरुआती अवस्था में ही पहचान संभव हो जाती है।

आईएसएसपी के मानद राष्ट्रीय सचिव प्रो. डॉ. अनुराग अग्रवाल ने कहा कि किसी भी प्रकार के क्रोनिक पेन से पीड़ित मरीजों के लिए पेन मेडिसिन एक वरदान साबित हो रही है। उन्होंने बताया कि आईएसएसपी ने देशभर के क्रोनिक पेन रोगियों के लिए एक विशेष पहल शुरू की है, जिसके तहत मरीज अपने शहर के पेन फिजिशियन से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें केवल www.issp-pain.org वेबसाइट पर जाकर संबंधित जानकारी प्राप्त करनी होगी।

बिना बड़े ऑपरेशन के मिल रहा विश्वस्तरीय उपचार : प्रो. शिवानी रस्तोगी

पेन मेडिसिन यूनिट की इंचार्ज प्रो. डॉ. शिवानी रस्तोगी ने बताया कि डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान की पेन मेडिसिन एमआईपीएसआई लैब देश की अग्रणी इकाइयों में शामिल है। यहां रीढ़ और कमर दर्द, घुटनों का दर्द, स्लिप डिस्क, ट्राइजेमिनल न्यूराल्जिया, कैंसर जनित दर्द, ऑस्टियोपोरोसिस और ऑस्टियोआर्थराइटिस सहित सभी प्रकार के क्रोनिक पेन रोगों का बिना बड़े ऑपरेशन के आधुनिक एवं सूक्ष्म तकनीकों से सफल उपचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रेडियो फ्रीक्वेंसी, काइफोप्लास्टी, स्पाइन एंडोस्कोपी और पेन बायोलॉजिकल थेरेपी जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का उपयोग मरीजों के उपचार में किया जा रहा है।

उत्तर भारत का पहला सरकारी संस्थान, जहां शुरू हुआ एफएनबी पेन मेडिसिन पाठ्यक्रम

प्रो. डॉ. शिवानी रस्तोगी ने बताया कि डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान लखनऊ, द्विवर्षीय एफएनबी पेन मेडिसिन पाठ्यक्रम शुरू करने वाला न केवल शहर, बल्कि उत्तर भारत का पहला सरकारी संस्थान है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय संस्थान के निदेशक प्रो. सीएम सिंह, संस्थान प्रशासन, विभागाध्यक्ष डॉ. पीके दास और एनेस्थिसियोलॉजी विभाग की पूरी टीम को देते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

वहीं इस विशेष मौके पर डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. सीएम सिंह ने पेन मेडिसिन यूनिट की पूरी टीम को इस खास पहल के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी।