
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच बाराबंकी की जैदपुर विधानसभा सीट पर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सभी दलों में टिकट के दावेदार सक्रिय हैं, लेकिन सबसे अधिक चर्चा भारतीय जनता पार्टी में संभावित उम्मीदवारों को लेकर हो रही है। पूर्व सांसद, पूर्व प्रत्याशी और कई वरिष्ठ नेताओं के बीच विकास खंड हरख के ब्लॉक प्रमुख रवि रावत का नाम तेजी से उभर रहा है, जिससे उन्हें भाजपा का “छुपा रुस्तम” माना जाने लगा है।
जैदपुर विधानसभा सीट का गठन वर्ष 2012 के परिसीमन के बाद हुआ था। पहले चुनाव में समाजवादी पार्टी के रामगोपाल रावत ने जीत दर्ज की थी। वर्ष 2017 में सपा-कांग्रेस गठबंधन के तहत कांग्रेस प्रत्याशी तनुज पुनिया मैदान में उतरे, लेकिन भाजपा के उपेंद्र सिंह रावत ने उन्हें हराकर सीट भाजपा की झोली में डाल दी।
वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उपेंद्र सिंह रावत को लोकसभा का टिकट दिया, जहां उन्होंने कांग्रेस के तनुज पुनिया को पराजित कर सांसद का चुनाव जीता। उनके सांसद बनने के बाद हुए उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के गौरव रावत ने भाजपा प्रत्याशी अंबरीश रावत को हराकर सीट फिर सपा के कब्जे में पहुंचा दी। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने एक बार फिर अंबरीश रावत पर भरोसा जताया, लेकिन गौरव रावत ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की।
अब जैसे-जैसे 2027 का चुनाव नजदीक आ रहा है, भाजपा में टिकट की दावेदारी तेज हो गई है। पूर्व सांसद उपेंद्र सिंह रावत की पत्नी उर्मिला रावत, पूर्व विधायक स्वर्गीय रामनरेश रावत की पत्नी सरोज रावत, पूर्व सांसद स्वर्गीय कमला प्रसाद रावत के पुत्र वेद प्रकाश रावत, वरिष्ठ कार्यकर्ता राजन बकसोर, पूर्व प्रत्याशी अंबरीश रावत सहित कई नेता टिकट की दौड़ में हैं। इसी बीच विकास खंड हरख के ब्लॉक प्रमुख रवि रावत का नाम तेजी से चर्चा में आया है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि रवि रावत ने ब्लॉक प्रमुख रहते हुए विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और संगठनात्मक सक्रियता के माध्यम से अपनी अलग पहचान बनाई है। समर्थकों का दावा है कि उन्होंने बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए और भाजपा की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे कार्यकर्ताओं के बीच उनकी स्वीकार्यता लगातार बढ़ी है।
रवि रावत का कहना है कि वह स्वयं को पार्टी का एक सामान्य कार्यकर्ता मानते हैं। उनके अनुसार उन्होंने विकास कार्यों और जनता के बीच सक्रिय रहकर अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा में प्रत्येक कार्यकर्ता को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने पार्टी से टिकट की दावेदारी की है और यदि पार्टी नेतृत्व उन पर भरोसा जताता है तो वह जैदपुर विधानसभा सीट पर भाजपा का कमल खिलाने के लिए पूरी ताकत से चुनाव लड़ेंगे।
हालांकि, टिकट का अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व को करना है, लेकिन जैदपुर विधानसभा क्षेत्र में रवि रावत का नाम तेजी से चर्चा में आने से भाजपा की आंतरिक राजनीतिक गतिविधियां और भी दिलचस्प हो गई हैं।