कोसीकलां में आधुनिक दही प्लांट का शुभारंभ, रोजगार और किसानों को मिलेगा लाभ: लक्ष्मी नारायण


कोसीकलां (मथुरा)। गोपाल बाग स्थित क्षेत्र के पहले आधुनिक श्री गोपाल जी दही प्लांट का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक, व्यापारी, किसान और ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में दही प्लांट के संचालक रघुवर चौधरी एवं अमर चौधरी ने कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, मंत्री प्रतिनिधि नरदेव चौधरी, कर्मवीर चौधरी सहित अन्य अतिथियों का माल्यार्पण, अंगवस्त्र ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।
अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने कहा कि स्थानीय स्तर पर स्थापित ऐसे उद्योग क्षेत्र के आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि डेयरी उद्योग को बढ़ावा मिलने से दुग्ध उत्पादकों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे। उन्होंने प्लांट संचालकों को शुभकामनाएं देते हुए गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध कराने की अपेक्षा जताई।
दही प्लांट के संचालक रघुवर चौधरी एवं अमर चौधरी ने बताया कि प्लांट में पूरी शुद्धता, स्वच्छता और गुणवत्ता के मानकों का पालन करते हुए दही का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को ताजा एवं उच्च गुणवत्ता वाला उत्पाद उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र का पहला आधुनिक दही प्लांट है, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर गुणवत्ता का दही मिलने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
समारोह में मौजूद लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।