प्राथमिक विद्यालय रामनगर-दो में 110 बच्चों को निशुल्क स्कूल बैग-कॉपियों का वितरण, जिलाध्यक्ष ने किया वृक्षारोपण

पंकज चतुर्वेदी

बाराबंकी। प्राथमिक विद्यालय रामनगर-दो में समाजसेवी एवं भाजपा नेता शिव प्रकाश अवस्थी उर्फ राहुल के सौजन्य से छात्र-छात्राओं को निःशुल्क स्कूल बैग एवं कॉपियों का वितरण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा उर्फ भुल्लन रहे। कार्यक्रम के दौरान कक्षा 1 से 5 तक के कुल 110 छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग और एक-एक कॉपी वितरित की गई।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि राम सिंह वर्मा ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा जीवन में सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने कहा कि मेहनत और लगन से पढ़ाई करने वाले बच्चे भविष्य में अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करते हैं। साथ ही उन्होंने ऐसे सामाजिक आयोजनों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।

इस दौरान आयोजक शिव प्रकाश अवस्थी ने मुख्य अतिथि का राधा-कृष्ण का चित्र एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत और सम्मान किया। कार्यक्रम में युवा मोर्चा अध्यक्ष पुष्कर मिश्रा, उद्योग व्यापार संगठन अध्यक्ष विवेक शुक्ला, वैभव तिवारी, महामंत्री शुभम जायसवाल, इंद्रमणि उपाध्याय, प्रधानाध्यापिका शमा परवीन, अध्यापिका राधारानी मिश्रा, विजय लक्ष्मी, सौम्या मिश्रा, ऋचा मिश्रा सहित विद्यालय परिवार एवं अन्य प्रमुख लोग उपस्थित रहे।

विद्यालय परिवार ने इस सहयोग के लिए समाजसेवी शिव प्रकाश अवस्थी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा ने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं धरती को हरा-भरा रखने का संदेश दिया।