आम पार्टी के बहाने चुनावी तैयारी, राष्ट्रीय लोकदल ने खेरागढ़ में संगठन विस्तार का किया ऐलान


आगरा। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के जिला संगठन की मासिक बैठक रविवार को खेरागढ़ स्थित महावीर पब्लिक स्कूल में आयोजित की गई। बैठक के साथ कार्यकर्ताओं के लिए विशेष ‘मैंगो पार्टी’ का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला संगठन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के अलावा क्षेत्र के कई गणमान्य लोग भी शामिल हुए। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन विस्तार और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष पंडित गोविंद शर्मा ने की। उन्होंने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र को 9 जोन में विभाजित किया गया है और प्रत्येक जोन के लिए एक-एक कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। जल्द ही सभी जोनों में सेक्टर अध्यक्षों की नियुक्ति की जाएगी, जिसके बाद बूथ स्तर तक कमेटियों का गठन कर संगठन को और मजबूत बनाया जाएगा।
गोविंद शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल जिले की सभी विधानसभा सीटों पर संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करेगा और बूथ स्तर तक नियमित बैठकों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी गठबंधन के साथ मिलकर सभी विधानसभा क्षेत्रों में मजबूती से चुनाव लड़ेगी और गठबंधन प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ता पूरी ताकत से मैदान में उतरेंगे।
बैठक के दौरान युवा लोकदल के नए पदाधिकारियों की भी नियुक्ति की गई। इस अवसर पर युवा जिला अध्यक्ष रविंद्र चाहर ने नवमनोनीत पदाधिकारियों को बधाई देते हुए युवाओं से जल्द से जल्द संगठन की कमेटियों को पूरा करने और आगामी चुनाव के लिए पूरी तैयारी के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं और उनकी सक्रिय भागीदारी से पार्टी को मजबूती मिलेगी।
बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजना, सदस्यता अभियान और गांव-गांव तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाने पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम के समापन पर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को आम खिलाकर ‘मैंगो पार्टी’ का आनंद लिया और संगठन की एकजुटता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में महासचिव एवं संगठन प्रभारी मंजीत फौजी, हीरालाल लवानिया, चौधरी मागेलाल, जसवंत सिंह, जयपाल भगौर, अभिषेक चौधरी, डॉ. जितेंद्र शर्मा, दीपेन्द्र सिकरवार, युवा महासचिव शिवम ठाकुर, बबलू प्रजापति, नितिन ठाकुर, अमन खान, सोनिया सिंह, आरती सिंह, योगेन्द्र सिंह, कार्यक्रम अध्यक्ष जगनमोहन शर्मा, दिगम्बर सिकरवार, अजय कुमार, दीपक, भूदेव शर्मा, लकी सिकरवार, मुनेश तोमर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।