
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय का प्लेसमेंट सेल (मुख्य परिसर) छात्रों एवं युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में विश्वविद्यालय ने नोएडा स्थित अंतरराष्ट्रीय शिक्षा कंपनी ग्लोबल आर्कस–स्टडी इन इंडिया में इंटरनेशनल एकेडमिक काउंसलर (फुल-टाइम) पद पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह भर्ती अभियान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जेपी सैनी के मार्गदर्शन तथा प्लेसमेंट सेल (मुख्य परिसर) के निदेशक प्रो. अनूप कुमार भारतीया के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है। विश्वविद्यालय का उद्देश्य छात्रों को प्रतिष्ठित संस्थानों में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
इस पद के लिए किसी भी विषय से स्नातक अथवा स्नातकोत्तर अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति कंपनी के बी-27, सेक्टर-132, नोएडा स्थित कार्यालय में की जाएगी। चयनित उम्मीदवारों की जिम्मेदारी विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को विदेश में उच्च शिक्षा के अवसरों के संबंध में परामर्श देना, उपयुक्त देश, पाठ्यक्रम और विश्वविद्यालय के चयन में मार्गदर्शन करना, प्रवेश एवं वीज़ा प्रक्रिया में सहायता प्रदान करना तथा स्टडी-अब्रॉड कार्यक्रमों का प्रचार-प्रसार करना होगा। इसके लिए अभ्यर्थियों के पास उत्कृष्ट अंग्रेजी संप्रेषण क्षमता, प्रभावी काउंसलिंग कौशल और अंतरराष्ट्रीय शिक्षा क्षेत्र की जानकारी होना वांछनीय है।
यहां कर सकते हैं फॉलो
चयनित अभ्यर्थियों को तीन माह की प्रोबेशन अवधि के दौरान 20,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। प्रोबेशन सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद उन्हें 4 लाख रुपये वार्षिक का वेतन पैकेज प्रदान किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक सूचना में उपलब्ध क्यूआर कोड अथवा गूगल फॉर्म के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 23 जुलाई, 2026 निर्धारित की गई है। भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं आधिकारिक फ्लायर देखने के लिए इच्छुक छात्र-छात्राएं लखनऊ विश्वविद्यालय प्लेसमेंट सेल के इंस्टाग्राम पेज @luplacement को फॉलो कर सकते हैं।