
बाराबंकी। आगामी श्रावण मास (30 जुलाई से 28 अगस्त) एवं श्रावण 11 अगस्त शिवरात्रि को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार में डीएम ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा संबंधी तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
डीएम ने सभी मंदिरों पर पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, चिकित्सा सुविधा, कंट्रोल रूम, सीसीटीवी, पर्याप्त पुलिस बल और स्वयंसेवकों की तैनाती समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कांवड़ यात्रा मार्गों पर सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए रविवार एवं सोमवार को मार्ग स्थित मांस और अंडे की दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए। साथ ही बाराबंकी–रामनगर मार्ग पर रविवार दोपहर से सोमवार दोपहर तक रोडवेज बसों के डायवर्जन तथा भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने को कहा।
संवेदनशील व्यवहार अपनाने के दिए निर्देश
बाराबंकी डीएम ईशान प्रताप सिंह ने विद्युत विभाग को प्रमुख शिवालयों एवं कांवड़ मार्गों पर निर्बाध और सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, अवैध विद्युत उपयोग पर कार्रवाई करने तथा खुले तारों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने संवेदनशील स्थलों की नियमित निगरानी, प्रभावी भीड़ एवं यातायात प्रबंधन तथा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों को श्रद्धालुओं के प्रति मित्रवत और संवेदनशील व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए।
संबंधित अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में सीडीओ अन्ना सुदन, एडीएम निरंकार सिंह, एएसपी विकास चंद्र त्रिपाठी, सीएमओ डॉ. रंजन गौतम, जॉइंट मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल व विद्यांशु शेखर झा, सभी एसडीएम, सीओ, प्रमुख मंदिरों के पुजारी एवं समिति के सदस्य सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।