
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में सोमवार से एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। सुबह से शहर में घने बादल छाए रहे और गोमतीनगर, समता मूलक चौराहा समेत कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने दिनभर रुक-रुक कर बारिश होने का पूर्वानुमान जताते हुए गरज-चमक, 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और बिजली चमकने का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून के सक्रिय होने से आने वाले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को उमसभरी गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक, लखनऊ में अब तक सामान्य से 36 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। इस सीजन में अब तक करीब 196 मिलीमीटर वर्षा हुई है। सोमवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं रविवार को अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक था। इस दौरान अधिकतम आर्द्रता 92 फीसदी और न्यूनतम आर्द्रता 56 फीसदी रिकॉर्ड की गई।
बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर सिस्टम का असर, चार दिन तक बारिश के संकेत
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव (लो प्रेशर) का क्षेत्र धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से उत्तर प्रदेश में मानसून की गतिविधियां तेज होंगी और लखनऊ समेत आसपास के इलाकों में अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है। वहीं मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान पर बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण भी मानसून को मजबूती मिलेगी। इसके चलते सोमवार से प्रदेश के कई जिलों में झमाझम और तेज बारिश का दौर शुरू होगा, जो अगले चार दिनों तक जारी रह सकता है। एक अगस्त से बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आने की संभावना है। विभाग ने तेज हवाओं और आकाशीय बिजली की चेतावनी को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।