
लखनऊ। आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस साल की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल ‘बंटवारा 1947’ की रिलीज को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी यह ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में सनी देओल मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म के ऐलान के बाद से ही इसके पोस्टर, टीजर और हाल ही में रिलीज हुए ट्रेलर ने दर्शकों के बीच खासा उत्साह पैदा किया है। ट्रेलर में भारत के विभाजन के दर्द, इंसानी रिश्तों और भावनात्मक संघर्ष की झलक देखने को मिली, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा है।
28 जुलाई को रिलीज हुए फिल्म के ट्रेलर को शानदार प्रतिक्रिया मिलने के बाद स्टारकास्ट लगातार देश के अलग-अलग शहरों में फिल्म का प्रमोशन कर रही है। इसी क्रम में सनी देओल, करण देओल और प्रीति जिंटा लखनऊ पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया और प्रशंसकों से मुलाकात की तथा फिल्म के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। इससे पहले फिल्म की टीम पटना और अहमदाबाद में भी प्रमोशनल कार्यक्रमों में शामिल हो चुकी है। लखनऊ में कलाकारों की मौजूदगी ने फिल्म के प्रचार अभियान को और भी खास बना दिया तथा दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ती नजर आई।
फिल्म को लेकर दर्शकों की उम्मीदें और बढ़ी
फिल्म ‘बंटवारा 1947’ भारत के विभाजन के दर्दनाक दौर और उससे जुड़े मानवीय पहलुओं को बड़े पर्दे पर संवेदनशील तरीके से प्रस्तुत करेगी। कहानी मुश्किल परिस्थितियों में प्रेम, साहस, त्याग और कभी हार न मानने वाले जज्बे को दर्शाती है। फिल्म में शबाना आज़मी, सनी देओल, प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फज़ल और अभिमन्यु सिंह जैसे सशक्त कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। खास बात यह है कि करीब 30 वर्षों बाद निर्देशक राजकुमार संतोषी और अभिनेता सनी देओल की सुपरहिट जोड़ी एक बार फिर साथ काम कर रही है, जिससे फिल्म को लेकर दर्शकों की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।
14 अगस्त को होेगी रिलीज
आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है। फिल्म का संगीत ए. आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि इसके गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। फिल्म का निर्माण आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने किया है। ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, दमदार कलाकारों और भावनात्मक कहानी से सजी ‘बंटवारा 1947’ 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होकर दर्शकों के बीच पहुंचेगी।