
लखनऊ। नवाबों के शहर लखनऊ में एक ही रात में तीन हत्याओं की घटनाओं ने सनसनी फैला दी। कृष्णानगर थाना क्षेत्र के भोला खेड़ा में होमगार्ड पर अपनी पत्नी और बेटी की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप है। वहीं, कन्नौसी इलाके में दो मजदूरों के बीच विवाद के बाद एक पेंटर का शव मिलने से हड़कंप मच गया। लगातार सामने आई इन घटनाओं ने राजधानी की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घर के भीतर खूनी वारदात, पत्नी और बेटी की हत्या का आरोप
कृष्णानगर के भोला खेड़ा इलाके में पहली घटना सामने आई। यहां पीएसी में तैनात होमगार्ड रविंदर पर अपनी पत्नी श्यामदुलारी और 32 वर्षीय तलाकशुदा बेटी पूजा की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, परिवार में पारिवारिक कलह चल रही थी। यह भी बताया जा रहा है कि आरोपी पिछले कई दिनों से मानसिक तनाव में था।
घटना के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं के शव बरामद किए। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर किन परिस्थितियों में यह वारदात हुई और इसके पीछे की वास्तविक वजह क्या थी।
कन्नौसी में कमरे के भीतर मिला पेंटर का शव
दूसरी घटना कृष्णानगर के कन्नौसी इलाके की है। यहां 38 वर्षीय पेंटर सुखपाल का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। पुलिस के मुताबिक, सुखपाल एक अन्य दिहाड़ी मजदूर के साथ एक ही कमरे में रहता था। प्रारंभिक जानकारी में दोनों के बीच रात में विवाद होने की बात सामने आई है। आरोप है कि विवाद के बाद एक मजदूर ने दूसरे की हत्या कर दी।
सूचना मिलने पर डीसीपी मोहम्मद मुश्ताक समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की गुत्थी सुलझाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस संबंधित लोगों से पूछताछ कर घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
एक रात, तीन मौतें और कानून-व्यवस्था पर सवाल
कृष्णानगर क्षेत्र में एक ही रात में तीन लोगों की हत्या की घटनाओं ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बहस तेज कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं, लेकिन ऐसी वारदातों के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
फिलहाल पुलिस दोनों घटनाओं की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।