नवरात्रि और आगामी त्योहारों को लेकर बजरंग दल ने सौंपा ज्ञापन, आठ बिंदुओं पर कार्रवाई की मांग

रामनगर (बाराबंकी)। नवरात्रि एवं आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को बाराबंकी जिले की सभी तहसीलों में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने संबंधित उपजिलाधिकारियों से मुलाकात कर आठ बिंदुओं पर ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने धार्मिक स्थलों के आसपास दुकानों, पूजा पंडालों की सुरक्षा, पुलिस गश्त और धार्मिक आयोजनों की मर्यादा बनाए रखने सहित विभिन्न मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

रामनगर तहसील में विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री राहुल कुमार, प्रखंड अध्यक्ष रमाकांत वर्मा, बजरंग दल के प्रखंड संयोजक श्रीकांत मिश्रा, त्रिभुवन मौर्य, श्याम उपाध्याय, विमल त्रिवेदी, गोलू त्रिपाठी, आशुतोष दुबे, छोटू अवस्थी और मनीष सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी आकांक्षा गुप्ता को ज्ञापन सौंपा।

वहीं, नवाबगंज तहसील में जिला संगठन मंत्री अखिल, बजरंग दल के जिला सहसंयोजक तुषार तिवारी, नगर संयोजक राहुल वाल्मीकि, ठाकुर युवराज सिंह, शिवम यादव, अंतरिक्ष यादव और हरि सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी गुंजिता अग्रवाल को ज्ञापन देकर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

फतेहपुर तहसील में विश्व हिंदू परिषद के जिला विशेष संपर्क प्रमुख तुलसीराम चौहान और जिला सहमंत्री वीरेंद्र यादव ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ उपजिलाधिकारी कार्तिकेय सिंह को ज्ञापन सौंपा।

धार्मिक स्थलों के आसपास की दुकानों को हटाने की मांग

ज्ञापन में धार्मिक स्थलों के समीप संचालित मीट, अंडे और शराब की दुकानों को हटाने की मांग की गई। कार्यकर्ताओं ने नवरात्रि पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर निगरानी रखने की अपील की। उन्होंने आयोजन स्थलों पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती, सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों से निगरानी कराने और रात में नियमित पेट्रोलिंग की व्यवस्था करने की मांग भी उठाई।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि नवरात्रि के दौरान धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में पारंपरिक वेशभूषा और भक्ति से जुड़े लोकगीतों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। आयोजनों में अश्लील गीतों और नशे पर रोक लगाने के साथ धार्मिक मर्यादा बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

छेड़छाड़ और धार्मिक भावनाएं आहत करने वालों पर कार्रवाई की मांग

ज्ञापन में छेड़छाड़, अभद्रता और धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई। कार्यकर्ताओं ने धर्म के नाम पर होने वाले सशुल्क व्यावसायिक आयोजनों पर निगरानी रखने और ऐसे आयोजनों को नियमानुसार अनुमति देने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही।

इसके अलावा, सनातन परंपराओं में आस्था रखने वाले सभी हिंदुओं को नियमानुसार प्रतिमा स्थापित करने की अनुमति देने की मांग भी उठाई गई। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से नवरात्रि एवं आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की।