लोधेश्वर महादेवा में नवागत एसपी रवीना त्यागी ने किया जलाभिषेक, कानून व्यवस्था दुरुस्त रखना प्राथमिकता

रामनगर (बाराबंकी)। जनपद की नवागत पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी ने पदभार ग्रहण करने के बाद शुक्रवार को प्रसिद्ध तीर्थस्थल लोधेश्वर महादेवा पहुंचकर भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन और जलाभिषेक किया। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से लोक कल्याण की कामना की। मंदिर के पुजारी आदित्यनाथ तिवारी ने धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूजा-अर्चना संपन्न कराई।

पूजन के बाद पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी ने कहा कि जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत बनाना और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को प्रभावी बनाकर लोगों में सुरक्षा का विश्वास कायम करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के साथ ही पुलिसकर्मियों को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी सतर्कता से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत, फतेहपुर क्षेत्राधिकारी शक्ति सिंह, रामनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, महादेवा चौकी प्रभारी रजनीश पांडेय और उपनिरीक्षक रविंद्र सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।