लखनऊ, 8 अगस्त। सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (सीएमएस) के सभी 22 कैंपसों में शनिवार को संस्थापिका-निदेशिका डा. भारती गाँधी का 93वां जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोहों में सीएमएस के करीब 65 हजार छात्रों, शिक्षकों, कर्मचारियों और अभिभावकों ने हिस्सा लिया।

मुख्य समारोह सीएमएस गोमती नगर प्रथम कैंपस के ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ। रंगारंग शिक्षात्मक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच डा. भारती गाँधी ने केक काटकर जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में उनके योगदान के लिए लखनऊ नगर निगम की ओर से ‘लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान’ प्रदान किया। उन्होंने डा. गाँधी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।
समारोह में सीएमएस एमडी प्रो. गीता गाँधी किंगडन, सीएमएस प्रेसिडेंट डा. रोजर डेविड किंगडन सहित विद्यालय परिवार के पदाधिकारियों, प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और गणमान्य लोगों ने डा. भारती गाँधी को शुभकामनाएं दीं। उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित प्रस्तुतियों ने शांति, एकता, सद्भाव और सौहार्द के संदेश को रेखांकित किया।

डा. भारती गाँधी ने सभी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्हें खुशी है कि सीएमएस के शिक्षक, कार्यकर्ता और छात्र आध्यात्मिकता, चरित्र निर्माण और विश्व एकता की भावना से प्रेरित होकर समाज के निर्माण में योगदान दे रहे हैं। सीएमएस एमडी प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने कहा कि स्व. डा. जगदीश गाँधी और डा. भारती गाँधी के मार्गदर्शन में सीएमएस ने विश्व पटल पर अपनी पहचान बनाई है।
जॉपलिंग रोड कैंपस का उद्घाटन
जन्मदिन के अवसर पर डा. भारती गाँधी ने नवनिर्मित सीएमएस जॉपलिंग रोड कैंपस का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने परिसर में पौधरोपण भी किया। नए कैंपस में आधुनिक शैक्षिक संसाधनों के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, उच्च जीवन मूल्यों, शांति और एकता पर आधारित शैक्षिक वातावरण पर जोर दिया गया है।
इस अवसर पर छात्रों ने नृत्य, गायन और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए डा. भारती गाँधी का अभिनंदन किया।
सीएमएस के हेड, कम्युनिकेशन्स ऋषि खन्ना ने बताया कि सभी 22 कैंपसों में डा. भारती गाँधी का जन्मदिन ‘ग्रैंडपैरेन्ट्स डे’ के रूप में मनाया गया। विभिन्न कैंपसों में कार्ड मेकिंग, पोस्टर मेकिंग, पत्र लेखन, भाषण, फैशन शो, नृत्य और गायन जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं।