ग्रीन सिटी-माधोपुर बांध सड़क का सीएम योगी ने किया लोकार्पण, 69.58 करोड़ की लागत से बदली गोरखपुर की तस्वीर

सीएम योगी आदित्यनाथ, गोरखपुर सड़क परियोजना, गोरखपुर में सड़क निर्माण, योगी आदित्यनाथ गोरखपुर, 22 सड़क परियोजनाएं, PWD सड़क परियोजना, गोरखपुर फोर लेन सड़क

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में ग्रीन सिटी माधोपुर बांध सड़क का लोकार्पण करते हुए
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में ग्रीन सिटी-माधोपुर बांध सड़क का लोकार्पण किया।

नई दिल्ली/अमर भारती। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर में ग्रीन सिटी-माधोपुर बांध सड़क का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया। एक महीने के भीतर सड़क से जुड़ी यह तीसरी बड़ी परियोजना है, जिसका मुख्यमंत्री ने लोकार्पण किया है। इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब बदलता हुआ गोरखपुर साफ दिखाई दे रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रीन सिटी-माधोपुर बांध सड़क क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी सौगात है। इस सड़क के शुरू होने से नेपाल, लखनऊ, वाराणसी, महाराजगंज और सिद्धार्थनगर की ओर जाने वाले लोगों को शहर के अंदर से होकर गुजरने की जरूरत कम होगी। इससे शहर में यातायात का दबाव घटाने और लोगों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

69.58 करोड़ रुपये की लागत से बनी सड़क

ग्रीन सिटी-माधोपुर बांध सड़क की लंबाई 1.80 किलोमीटर है और इसके निर्माण पर 69.58 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। यह सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग-24 (सोनौली-नौतनवां-गोरखपुर) से निकलकर ग्रीन सिटी और पटनिया होते हुए माधोपुर बांध तक जाती है। सीएम योगी के आदेशानुसार सड़क का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण लोक निर्माण विभाग (PWD) के निर्माण खंड-दो की ओर से कराया गया है। सड़क चौड़ी होने से ग्रीन सिटी और आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से बचने के लिए सड़क के दोनों तरफ ड्रेनेज सिस्टम भी तैयार किया गया है। इससे सड़क की उपयोगिता और सुरक्षा दोनों बेहतर होने की उम्मीद है।

फीता काटकर मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ सड़क पर पहुंचे और फीता काटकर परियोजना का उद्घाटन किया। उन्होंने कुछ दूरी तक सड़क पर चलकर निर्माण कार्य का जायजा भी लिया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में हाथी भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।

6538 करोड़ की 22 सड़क परियोजनाओं पर काम

आगामी विधानसभा चुनाव से पहले लोक निर्माण विभाग ने प्रदेश में 22 बड़ी सड़क परियोजनाओं को पूरा कर उनका लोकार्पण कराने की तैयारी की है। सीएम योगी के द्वारा संचालित की गई इन परियोजनाओं की कुल लागत करीब 6538 करोड़ रुपये बताई गई है। प्रत्येक परियोजना की लागत 100 करोड़ से लेकर 1000 करोड़ रुपये तक है।

लोक निर्माण विभाग के मुख्यालय स्तर से इन परियोजनाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि निर्माण कार्य समय पर पूरा कराया जा सके। विभागाध्यक्ष एके द्विवेदी के अनुसार, सभी 22 परियोजनाओं के पूरा होने के बाद संबंधित क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। इन सभी परियोजनाओं का लोकार्पण इसी वर्ष कराने की तैयारी है।

गोरखपुर में नौ बड़ी सड़क परियोजनाएं

सीएम योगी के द्वारा प्रेषिक की गई इन 22 परियोजनाओं में नौ परियोजनाएं गोरखपुर से जुड़ी हैं। इनमें देवरिया बाईपास से अन्य जिला मार्ग को फोर लेन बनाना, धर्मशाला-रेती चौक-घंटाघर होते हुए पांडेय हाता मार्ग का चौड़ीकरण, राजघाट पुल-हार्बर्ट बांध-डोमिनगढ़-कोलिया-जंगल कौड़िया होते हुए कालेसर तक फोर लेन चौड़ीकरण शामिल है।

इसके अलावा गोरखपुर-कसया मार्ग पर पैडलेगंज चौराहे से फिराक गोरखपुरी चौराहे तक फोर लेन चौड़ीकरण, भटहट-बांस स्थान मार्ग, जिला जेल बाईपास, चारफाटक-असुरन चौक मार्ग और गोरखपुर-महाराजगंज-निचलौल मार्ग के विभिन्न हिस्सों के चौड़ीकरण का काम भी चल रहा है। स्पोर्ट्स कॉलेज चौराहा-करिमनगर चौराहा होते हुए झुगिया चुंगी से फर्टिलाइजर गेट तक मार्ग को फोर लेन करने की परियोजना भी इसमें शामिल है।

प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या और मथुरा में भी काम

गोरखपुर के अलावा प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी बड़ी सड़क परियोजनाओं पर काम जारी है। प्रयागराज में एयरपोर्ट होते हुए कौशांबी पर्यटन स्थल तक फोर लेन सड़क, वाराणसी में पड़ाव-रामनगर (टेंगरा मोड़) मार्ग के शेष हिस्से का चौड़ीकरण और चंदौली-सकलडीहा-सैदपुर मार्ग को फोर लेन करने का काम प्रस्तावित परियोजनाओं में शामिल है।

मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे से वृंदावन तक फोर लेन सड़क और यमुना नदी पर दो लेन पुल, अयोध्या में मया-टांडा राज्य मार्ग का फोर लेन चौड़ीकरण तथा बाराबंकी में लखनऊ-कुर्सी-महमूदाबाद मार्ग के चौड़ीकरण का काम भी जारी है। बलिया में भी कई प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण की परियोजनाएं चल रही हैं। सीएम योगी का दावा है कि इन सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से प्रदेश में कनेक्टिविटी, यातायात व्यवस्था और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।

यहां भी पढ़ें-

लखनऊ में सनी देओल, करण देओल और प्रीति जिंटा ने किया ‘बंटवारा 1947’ का प्रमोशन: इतिहास के दर्द और इंसानी जज्बातों की कहानी

महादेवा दर्शन करने निकले श्रद्धालुओं की बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ी, दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल