पूर्वांचल एक्सप्रेसवे किनारे गूंजा उद्योग का शंखनाद, पूजा स्टील का शुभारंभ; हैदरगढ़ के युवाओं को रोजगार की नई उम्मीद


हैदरगढ़, बाराबंकी। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के निकट हैदरगढ़ क्षेत्र में औद्योगिक विकास की दिशा में एक नई शुरुआत हुई। धनऊ का पुरवा मजरे गौरा स्थित बालकराम इंडस्टरीज प्राइवेट लिमिटेड ‘पूजा स्टील’ का विधिवत शुभारंभ श्याम बाबा एवं अन्य देवी-देवताओं के पूजन-अर्चन के साथ किया गया। उद्घाटन क्षेत्रीय भाजपा विधायक दिनेश रावत और एससी-एसटी आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
समारोह में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य लोग, जनप्रतिनिधि, व्यापारी और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। इंडस्ट्रीज के मुख्य कर्ताधर्ता रमेश कुमार मिश्रा ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
“हैदरगढ़ के औद्योगिक विकास का सिरमौर है पूजा स्टील” : दिनेश रावत
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा विधायक दिनेश रावत ने पूजा स्टील को हैदरगढ़ के औद्योगिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि हैदरगढ़ क्षेत्र को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की ओर से औद्योगिक पार्क की सौगात मिली है और पूजा स्टील इस औद्योगिक विकास की दिशा में पहला महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि यहां बनने वाले लोहे के पाइप, पटिया और अन्य उत्पाद देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचेंगे, जिससे हैदरगढ़ और बाराबंकी की पहचान औद्योगिक क्षेत्र में मजबूत होगी। साथ ही स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है।
दिनेश रावत ने इंडस्ट्रीज के संचालक रमेश मिश्रा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी शुभकामना है कि पूजा स्टील सफलता के नए शिखर छुए और हैदरगढ़ का नाम औद्योगिक क्षेत्र में रोशन करे।
“व्यापारिक गतिविधियों के लिए वरदान साबित होगी” : बैजनाथ रावत
एससी-एसटी आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार की औद्योगिक नीतियों और प्रयासों के चलते हैदरगढ़ में इस तरह की औद्योगिक इकाई स्थापित हो सकी है। उन्होंने कहा कि पूजा स्टील क्षेत्र की व्यापारिक गतिविधियों को गति देने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के लिए भी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
गौरीगंज के पूर्व विधायक चंद्रप्रकाश मटियारी ने भी पूजा स्टील को हैदरगढ़ क्षेत्र के लिए समृद्धि की दिशा में महत्वपूर्ण उपक्रम बताते हुए कहा कि रोजगार की दृष्टि से यह पहल सकारात्मक है।
लोहे के पाइप और अन्य उत्पाद बनेंगे, सौर ऊर्जा से चलेगा प्लांट
इंडस्ट्रीज के मालिक रमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पूजा स्टील में मुख्य रूप से लोहे के पाइप तैयार किए जाएंगे। इसके साथ ही अन्य लोहे के उत्पादों का भी निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्लांट की खासियत यह होगी कि इसे सौर ऊर्जा के माध्यम से संचालित करने की योजना है। इससे औद्योगिक उत्पादन के साथ ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोत को भी बढ़ावा मिलेगा।
रमेश मिश्रा ने समारोह में पहुंचे सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
भजन संकीर्तन से भक्तिमय हुआ समारोह
उद्घाटन समारोह के अवसर पर श्री श्याम बाबा संकीर्तन महोत्सव का भी आयोजन किया गया। अंतरराष्ट्रीय भजन गायक पंकज निगम, प्रभात निगम, श्रवण कुमार सुल्तानपुरी, सिद्धि, अंशिका, अनुष्का और तनवी सहित अन्य भजन गायकों ने भक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दीं।
भजन संकीर्तन के दौरान श्रद्धालु भक्तिमय माहौल में झूमते नजर आए। धार्मिक आयोजन ने औद्योगिक इकाई के शुभारंभ समारोह को आध्यात्मिक रंग भी प्रदान किया।
बड़ी संख्या में गणमान्य लोग रहे मौजूद
समारोह में जिला पंचायत प्रशासक श्रीमती राजरानी रावत, सीओ समीर कुमार सिंह, कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार पांडे, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रामदेव सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता कृष्ण कुमार द्विवेदी ‘राजू भैया’, भाजपा नेता पंकज दीक्षित, सौरभ मिश्रा, महादेव पाठक, व्यापार मंडल अध्यक्ष राजकुमार सोनी ‘रानू’, दीपक साहू, भाजपा अध्यक्ष मोहित मिश्रा, सत्येंद्र कुमार, संजय सिंह, पिंटू मिश्रा, हरिकृष्ण शुक्ला, डॉ. दुर्गेश सोनी, ओम प्रकाश, दिलीप कुमार, पूजन रावत, पंकज चतुर्वेदी, राजकुमार, पप्पू सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।