
लखनऊ। भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार दो दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे के तहत सोमवार, 24 अगस्त 2026 को लखनऊ पहुंचे। उनके दौरे के दौरान आज शाम मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद प्रस्तावित है। इस दौरान निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी जाएगी।
लखनऊ पहुंचने पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने अपने शहर से पुराने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा, “लखनऊ मेरी तपोभूमि रही है, यहां मेरी शिक्षा भी हुई।”
उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग उत्तर प्रदेश के मतदाताओं को संदेश देने के लिए आया है। खासतौर पर बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि BLO लोकतंत्र की आधारशिला होते हैं। उनके साथ निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।
ज्ञानेश कुमार ने कहा कि प्रदेश की यूनिवर्सिटी और स्कूलों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता तथा निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने कहा, “हम उत्तर प्रदेश के मतदाताओं को संदेश देने के लिए आए हैं, खासतौर से हमारे बूथ लेवल अधिकारी जो लोकतंत्र की आधारशिला होते हैं, उनको कुछ बात समझाने और प्रदेश की जितनी यूनिवर्सिटी और स्कूल हैं, वहां चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और पूरी प्रक्रिया को समझाने के लिए भी कार्यक्रम होंगे।”
आज शाम मीडिया संवाद
मुख्य निर्वाचन आयुक्त सोमवार को शाम 4:15 बजे इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित मार्स हाल में मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। कार्यालय मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की ओर से जारी मीडिया आमंत्रण के अनुसार इस दौरान मतदाता साक्षरता क्लब (ELC), ECINET पोर्टल, बूथ लेवल अधिकारियों की भूमिका सहित निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी जाएगी।
यूपी बोर्ड में दो बार कर चुके हैं टॉप
ज्ञानेश कुमार की शैक्षणिक उपलब्धियों का भी उनके लखनऊ से जुड़ाव में विशेष महत्व है। उन्होंने हाईस्कूल वर्ष 1979 और इंटरमीडिएट वर्ष 1981 में यूपी बोर्ड में टॉप किया था। बताया गया है कि हाईस्कूल में उन्होंने करीब 10 लाख विद्यार्थियों के बीच प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया था, जबकि इंटरमीडिएट में करीब 6 लाख विद्यार्थियों के बीच यूपी बोर्ड में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त का यह दौरा उत्तर प्रदेश में मतदाता जागरूकता, निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और जमीनी स्तर पर चुनाव व्यवस्था को मजबूत करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।