
जौनपुर। जफराबाद विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए 10 करोड़ 59 लाख रुपये की लागत से 12 सड़कों के नव निर्माण को शासन से स्वीकृति मिल गई है। विधायक जगदीश नारायण राय के प्रयासों से लोक निर्माण विभाग की ओर से इन सड़कों के निर्माण को हरी झंडी मिली है। सभी सड़कें पीडब्ल्यूडी जौनपुर के CD-2, वृत वाराणसी के अंतर्गत मुख्यमंत्री समग्र ग्राम्य विकास योजना (CMGSY) 2026-27 में स्वीकृत हुई हैं।
इन सड़कों के निर्माण से विधानसभा क्षेत्र के दर्जनों गांवों को सीधा लाभ मिलेगा और ग्रामीणों का आवागमन सुगम होगा। लंबे समय से जर्जर मार्गों के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़कों के निर्माण की स्वीकृति मिलने से क्षेत्रवासियों में खुशी है।
स्वीकृत सड़कों में जमुड़ाई पक्की मुख्य मार्ग से स्कॉलर स्कूल के बगल से प्रजापति एवं ठाकुर बस्ती व प्रजापति बस्ती संपर्क मार्ग, कौवापार पाल बस्ती संपर्क मार्ग, डीडी भरावट बस्ती द्वितीय संपर्क मार्ग, जयरामपुर मोर्चा बस्ती संपर्क मार्ग, आरा से खरिअल्ला बस्ती संपर्क मार्ग, चकमिरदहा संपर्क मार्ग, गजफ्फरपुर संपर्क मार्ग, टोल प्लाजा से बहचूलाल के घर होते हुए शाहपुर ब्राह्मण बस्ती संपर्क मार्ग, सुईं धास संपर्क मार्ग, उत्तरपट्टी केवट बस्ती संपर्क मार्ग, नरेन्द्रपुर अनुसूचित बस्ती संपर्क मार्ग और गोपीपुर ब्राह्मण बस्ती संपर्क मार्ग शामिल हैं।
विधायक जगदीश नारायण राय ने सड़कों की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री और लोक निर्माण विभाग मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जफराबाद के विकास के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं और क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर शासन एवं संबंधित विभागों के समक्ष उठाया जा रहा है।
विधायक ने कहा कि स्वीकृत सड़कों का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा। सड़क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि आने वाले समय में जफराबाद को एक विकसित विधानसभा क्षेत्र का दर्जा मिल सके। सड़क निर्माण की स्वीकृति पर क्षेत्र के लोगों ने विधायक का आभार जताया है।