रक्षाबंधन पर बहनों को CM योगी की सौगात: नगरीय बसों में 29 अगस्त की रात तक नहीं लगेगा किराया

लखनऊ। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रदेश की बहनों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ी सौगात दी है। बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर रक्षाबंधन के अवसर पर नगरीय विकास विभाग के अंतर्गत संचालित नगरीय परिवहन की बसों में महिलाओं एवं उनके साथ यात्रा करने वाले एक सहयात्री के लिए निशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की गई है। यह सुविधा 27 अगस्त 2026 को प्रातः 6 बजे से 29 अगस्त 2026 की रात्रि 12 बजे तक लागू रहेगी।

इस निर्णय के तहत निर्धारित अवधि में नगरीय बसों से यात्रा करने वाली महिलाओं और उनके साथ यात्रा करने वाले एक सहयात्री से कोई किराया नहीं लिया जाएगा। इससे रक्षाबंधन पर अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए मायके जाने वाली बहनों को यात्रा खर्च की चिंता नहीं करनी पड़ेगी और वे सहजता एवं सम्मान के साथ अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगी। शासन के निर्णय के अनुसार 27 अगस्त को सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की रात 12 बजे तक नगरीय परिवहन की बसों में महिलाओं एवं उनके साथ यात्रा करने वाले एक सहयात्री को निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।

महिलाओं को सम्मानजनक एवं सुरक्षित परिवहन सुविधा मिल सके

यह सुविधा रक्षाबंधन के पहले और बाद की यात्रा को भी आसान बनाएगी। सरकार का उद्देश्य है कि पर्व के अवसर पर बहनों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा अथवा आर्थिक बाधा का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार निरंतर ऐसे कदम उठा रही है, जिनसे आमजन का जीवन सुगम हो और महिलाओं को सम्मानजनक एवं सुरक्षित परिवहन सुविधा मिल सके। रक्षाबंधन पर निशुल्क नगरीय बस यात्रा की यह पहल भी इसी जनकल्याणकारी दृष्टिकोण का हिस्सा है।