डीजीपी मुख्यालय में बच्चों के साथ मनाया गया रक्षाबंधन, बच्चियों ने DGP राजीव कृष्ण को बांधा रक्षा सूत्र


लखनऊ। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर डीजीपी मुख्यालय में भावनात्मक और आत्मीय माहौल देखने को मिला। डीजीपी राजीव कृष्ण ने जनभवन स्थित मॉडर्न विद्यालय के बच्चों के साथ रक्षाबंधन का त्योहार मनाया।
इस अवसर पर राजकीय बाल गृह की अनाथ एवं निराश्रित बच्चियों ने डीजीपी राजीव कृष्ण को रक्षा सूत्र बांधा। बच्चियों से रक्षा सूत्र बंधवाने के बाद डीजीपी ने उन्हें स्नेह और आशीर्वाद दिया। उन्होंने बच्चों के साथ आत्मीय संवाद भी किया और रक्षाबंधन के पर्व की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान डीजीपी राजीव कृष्ण ने बच्चों के साथ समय बिताया और उनके साथ रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम का माहौल बेहद आत्मीय रहा और बच्चों के चेहरे पर भी उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में DG साइबर क्राइम/112/CID IPS बीके सिंह भी मौजूद रहे। डीजीपी मुख्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम ने रक्षाबंधन के पारंपरिक भाई-बहन के स्नेह के साथ-साथ अनाथ एवं निराश्रित बच्चों के प्रति अपनत्व, संवेदनशीलता और सामाजिक सरोकार का संदेश दिया।