दिल्ली में ISI जासूसी नेटवर्क का खुलासा, सराय काले खां से दंपती गिरफ्तार, पाकिस्तान भेजे 8 भारतीय SIM

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, मोहम्मद साहिल और उसकी पत्नी समीरा 2024 से पाकिस्तान समर्थित ISI जासूसी नेटवर्क के संपर्क में थे, भारतीय नंबरों से WhatsApp अकाउंट सक्रिय कर संवेदनशील सैन्य जानकारी जुटाने का आरोप

दिल्ली में ISI जासूसी नेटवर्क से जुड़े दंपती की गिरफ्तारी
दिल्ली पुलिस ने ISI समर्थित PIO नेटवर्क से जुड़े कथित मॉड्यूल का खुलासा किया।

नई दिल्ली/अमर भारती। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने ISI जासूसी नेटवर्क से जुड़े एक कथित मॉड्यूल का खुलासा करते हुए सराय काले खां इलाके से एक दंपती को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों वर्ष 2024 से पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI समर्थित पाकिस्तान इंटेलिजेंस ऑपरेटिव्स (PIO) के लिए काम कर रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मूल रूप से बदायूं निवासी मोहम्मद साहिल और उसकी पत्नी समीरा के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि दोनों पर भारत में सैन्य छावनी क्षेत्रों की रेकी के लिए लोगों को भर्ती करने और भारतीय SIM कार्ड पाकिस्तान भेजने में मदद करने का आरोप है।

भारतीय SIM कार्ड की होती थी सप्लाई

जांच में सामने आया है कि कथित ISI जासूसी नेटवर्क के जरिए भारतीय SIM कार्ड पाकिस्तान में मौजूद हैंडलर्स तक पहुंचाए जा रहे थे। इन SIM कार्डों का इस्तेमाल भारतीय नंबरों से WhatsApp अकाउंट सक्रिय करने और कथित तौर पर भारत से जुड़ी संवेदनशील जानकारी जुटाने के लिए किया जाता था।

पुलिस के मुताबिक, हाल में सामने आए मामलों की जांच में यह भी पता चला कि कुछ भारतीय SIM कार्ड दुबई के रास्ते पाकिस्तान भेजे जाते थे। वहां मौजूद हैंडलर्स इन भारतीय नंबरों से WhatsApp ग्रुप्स में शामिल होकर सैन्य और सुरक्षा से जुड़ी जानकारी जुटाने की कोशिश करते थे।

दंपती को दिया गया था खास टारगेट

पुलिस के अनुसार, साहिल और समीरा को भारत में सैन्य छावनी इलाकों की रेकी के लिए लोगों को अपने नेटवर्क में शामिल करने का काम सौंपा गया था। साहिल पर ऐसे आर्मी जवानों की जानकारी जुटाने का भी आरोप है, जिनसे जुड़े कोर्ट मार्शल की कार्यवाही ट्रिब्यूनल में लंबित है। दिल्ली पुलिस ने इसी सप्ताह हौजरानी इलाके से प्रदीप्त बसु नाम के एक कथित ISI जासूसी नेटवर्क के दो सदस्य को भी गिरफ्तार किया था। इन मामलों की जांच के दौरान पुलिस को NCR में सक्रिय PIO नेटवर्क के बारे में जानकारी मिली।

स्थानीय लोगों को नेटवर्क में किया शामिल

स्पेशल सेल के उपायुक्त नारा चैतन्य के अनुसार, आतंकी संगठनों, उनके ओवरग्राउंड वर्कर्स और स्लीपर सेल से जुड़ी जानकारी जुटाने के दौरान टीम को NCR में सक्रियISI जासूसी नेटवर्क का पता चला। जांच में यह भी सामने आया कि कथित मॉड्यूल ने सैन्य सूचनाएं जुटाने के लिए दिल्ली में स्थानीय लोगों को अपने नेटवर्क में शामिल किया। इन्हीं लोगों के जरिए भारतीय SIM कार्ड हासिल किए जाते थे। पुलिस के मुताबिक, पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स इन भारतीय नंबरों पर सक्रिय WhatsApp अकाउंट के माध्यम से भारतीय ग्रुप्स में शामिल होते और लोगों से संपर्क स्थापित करते थे।

समीरा के मोबाइल से मिली चैट

पुलिस ने आरोपी समीरा के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच एजेंसी का दावा है कि इन मोबाइल फोन में पाकिस्तानी ऑपरेटिव्स के साथ आपत्तिजनक चैट मिली है। जांच से कथित तौर पर ISI जासूसी नेटवर्क के बारे में यह भी पता चला कि पाकिस्तान में मौजूद हैंडलर्स एन्क्रिप्टेड कम्युनिकेशन प्लेटफॉर्म के जरिए ओवरग्राउंड वर्कर्स से संपर्क में रहते थे।

8 भारतीय SIM पाकिस्तान भेजे, मिले 30 हजार रुपये

पूछताछ में पुलिस को पता चला कि साहिल और समीरा वर्ष 2024 में दोस्त थे। इसी दौरान वे Instagram के जरिए एक पाकिस्तानी एजेंट के संपर्क में आए। बाद में दोनों ने शादी कर ली और पाकिस्तानी एजेंट ने कथित तौर पर उनकी ISI जासूसी नेटवर्क से मुलाकात एक PIO से कराई।

पुलिस के अनुसार, 2024 और 2025 के दौरान दंपती ने दुबई के रास्ते 8 भारतीय SIM कार्ड पाकिस्तान भेजे। इसके बदले उन्हें कुल 30 हजार रुपये मिले। पाकिस्तान में इन नंबरों पर WhatsApp अकाउंट सक्रिय किए गए। पुलिस का आरोप है कि इन अकाउंट्स के जरिए पाकिस्तानी ऑपरेटिव्स कई भारतीय WhatsApp ग्रुप्स में शामिल हुए और संवेदनशील जानकारी जुटाने के लिए भारतीय नागरिकों से संपर्क किया।

मामले की जांच जारी

दिल्ली पुलिस अब इस कथित ISI जासूसी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, स्थानीय संपर्कों और पाकिस्तान में मौजूद हैंडलर्स की भूमिका की जांच कर रही है। जांच का फोकस इस बात पर भी है कि भारतीय SIM कार्डों की सप्लाई का नेटवर्क कितना बड़ा था और इससे कितने लोगों या WhatsApp ग्रुप्स तक पहुंच बनाई गई।

यहां भी पढ़ें-

30 अगस्त को लखनऊ आएंगे जयंत चौधरी: 2027 की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं में भरेंगे जोश

रक्षाबंधन पर बहनों को CM योगी की सौगात: नगरीय बसों में 29 अगस्त की रात तक नहीं लगेगा किराया