बारिश के चलते कच्ची कोठरी की दीवार भरभराकर गिरी, बड़ा हादसा टला


नीमगांव खीरी। विकासखंड मितौली की ग्राम पंचायत खमरिया गांव में लगातार हो रही बारिश के चलते शनिवार सुबह एक कच्ची कोठरी की छप्परयुक्त दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने से कोठरी को काफी नुकसान हुआ और उसमें रखा सामान भी प्रभावित होने की बात सामने आई है। हालांकि गनीमत रही कि हादसे के समय परिवार के सदस्य दीवार के आसपास मौजूद नहीं थे, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
बताया जाता है कि गांव निवासी प्रेम कुमार के घर में कच्ची कोठरी बनी हुई थी। लगातार बारिश के कारण कोठरी की दीवार कमजोर हो गई थी। शनिवार सुबह अचानक दीवार भरभराकर नीचे गिर गई। दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर घर में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के लोगों ने बाहर निकलकर देखा तो कोठरी की दीवार पूरी तरह से ढह चुकी थी।
हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। ग्रामीणों के मुताबिक बारिश के कारण क्षेत्र में कई कच्चे मकानों और कोठरियों की हालत कमजोर हो गई है। ऐसे में प्रशासन को जर्जर और कच्चे मकानों का सर्वे कराकर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था करनी चाहिए।
दीवार गिरने से प्रेम कुमार के परिवार को आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लेने और पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।