50 साल पुराने रास्ते के विवाद में कोर्ट का आदेश, करनपुर गांव में चला बुलडोजर


मितौली, खीरी। नीमगांव थाना क्षेत्र के करनपुर गांव में बाग के रास्ते को लेकर करीब 50 साल से चला आ रहा विवाद न्यायालय के आदेश के बाद कार्रवाई तक पहुंच गया। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में राजस्व विभाग की टीम पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंची और पक्के निर्माण को हटाने की कार्रवाई शुरू की।
बताया गया कि करनपुर गांव में रामनरेश शुक्ला और भाग्य मिश्रा के बीच बाग तक जाने वाले रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मामले में न्यायालय के आदेश के बाद राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर निर्माण हटाने की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पक्के निर्माण की छत को ग्राइंडर मशीन से काटा गया। इसके बाद बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण हटाया गया। कार्रवाई के दौरान गांव में तनाव की स्थिति बनी रही, जिसे देखते हुए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।
वहीं भाग्य मिश्रा का कहना है कि बाग तक पहुंचने के लिए दूसरी तरफ से भी रास्ता मौजूद है। उन्होंने न्यायालय के फैसले का सम्मान करते हुए मौके पर हुई कार्रवाई का विरोध नहीं किया। हालांकि, उन्होंने अपने अधिकार और जमीन को लेकर आगे न्यायालय की शरण लेने की बात कही।
न्यायालय के आदेश के बाद हुई इस कार्रवाई को लेकर करनपुर गांव में दिनभर चर्चा बनी रही। वर्षों पुराने रास्ते के विवाद में प्रशासन की कार्रवाई के बाद अब आगे की स्थिति न्यायालय में होने वाली प्रक्रिया पर निर्भर करेगी।