Ramayana Part-1: राजा जनक के रोल में नजर आएंगे टीवी के ये मशहूर एक्टर, साई पल्लवी के बनेंगे पिता

Ramayana Part-1 में राजा जनक के किरदार को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक टीवी एक्टर राजीव कुमार साई पल्लवी के पिता की भूमिका निभा सकते हैं।

Ramayana Part-1 में राजा जनक के किरदार को लेकर राजीव कुमार
Ramayana Part-1 में राजीव कुमार के राजा जनक की भूमिका निभाने की चर्चा।

नई दिल्ली/अमर भारती। Ramayana Part-1: निर्माता नमित मल्होत्रा की महत्वाकांक्षी फिल्म रामायण लंबे समय से चर्चा में है। करीब 4000 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट में तैयार की जा रही इस पौराणिक फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्सुकता है। फिल्म की कहानी और विजुअल्स के साथ-साथ इसकी स्टारकास्ट भी लगातार सुर्खियां बटोर रही है। रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे। अब फिल्म में राजा जनक की भूमिका निभाने वाले अभिनेता को लेकर भी एक नई जानकारी सामने आई है।

राजा जनक के किरदार में नजर आ सकते हैं राजीव कुमार

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक टीवी इंडस्ट्री के चर्चित अभिनेता राजीव कुमार फिल्म में राजा जनक की भूमिका निभा सकते हैं। राजा जनक को माता सीता के पिता के रूप में जाना जाता है। ऐसे में राजीव कुमार का किरदार फिल्म की कहानी में अहम भूमिका रखता है। रिपोर्ट के अनुसार राजीव कुमार बड़े पर्दे पर साई पल्लवी के पिता की भूमिका में दिखाई दे सकते हैं। हालांकि, इस खबर पर अभी फिल्म के निर्माताओं की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

टीवी से बॉलीवुड तक बना चुके हैं पहचान

राजीव कुमार टीवी इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं। उन्होंने कई चर्चित टेलीविजन धारावाहिकों में काम किया है। ‘मिलके भी हम न मिले’ और ‘कभी कभी इत्तेफाक से’ जैसे सीरियल्स में उनके अभिनय को दर्शकों ने पसंद किया। टीवी के अलावा राजीव कुमार फिल्मों और वेब सीरीज में भी नजर आ चुके हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने ‘द केरला स्टोरी 2’, ‘गवर्नर’, ‘लक्ष्य’ और ‘संजू’ जैसी फिल्मों में काम किया है।

इसके अलावा इमरान हाशमी स्टारर वेब सीरीज ‘तस्करी’ में भी राजीव कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका बताई गई है। अब अगर रामायण में राजा जनक के रूप में उनकी कास्टिंग की आधिकारिक पुष्टि होती है, तो यह उनके करियर के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स में शामिल हो सकता है।

रणबीर कपूर और साई पल्लवी की जोड़ी पर नजर

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही रामायण को लेकर दर्शकों में सबसे ज्यादा उत्सुकता भगवान राम और माता सीता के किरदारों को लेकर है। रणबीर कपूर और साई पल्लवी पहली बार इस पौराणिक कहानी के मुख्य किरदारों में नजर आएंगे। वहीं यश के रावण के किरदार को लेकर भी लंबे समय से चर्चा है। फिल्म को बड़े अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पेश करने की तैयारी की जा रही है। इसके विजुअल इफेक्ट्स और प्रोडक्शन स्केल को लेकर भी लगातार चर्चा होती रही है। राजा जनक के रोल की सबसे अधिक चर्चा हो रही है।

दिवाली पर रिलीज होगी रामायण

रणबीर कपूर स्टारर रामायण के पहले पार्ट की रिलीज का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक फिल्म का पहला भाग 8 नवंबर 2026, यानी दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज किया जाना प्रस्तावित है। वहीं फिल्म का दूसरा भाग अगले साल दिवाली के आसपास रिलीज किए जाने की योजना बताई जा रही है। फिलहाल दर्शकों की नजर फिल्म की आधिकारिक स्टारकास्ट और अन्य किरदारों की घोषणा पर टिकी है। राजा जनक के रूप में राजीव कुमार की खबर की आधिकारिक पुष्टि होने के बाद फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ सकती है।

यहां भी पढ़ें-

मनजीत कौर हत्याकांड: 54 दिन तक जिंदगी से जूझने के बाद मौत

मुस्कान शर्मा हत्याकांड: आरोपी आकिब का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड, POCSO केस में जा चुका है जेल