राष्ट्रीय महामंत्री बनने के बाद पहली बार बाराबंकी पहुंचे हरीश द्विवेदी: BJP कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत

बाराबंकी। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री एवं असम प्रदेश भाजपा के प्रभारी, पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी के राष्ट्रीय महामंत्री बनने के बाद सोमवार को पहली बार बाराबंकी आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। सफदरगंज चौराहे पर पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी के नेतृत्व में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी जुटे। हरीश द्विवेदी के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला और पूरे चौराहे पर भाजपा के नारों एवं जयघोष से माहौल गूंज उठा।

भाजपा के उत्तर प्रदेश प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व सांसद उपेंद्र सिंह रावत के साथ सफदरगंज पहुंचे हरीश द्विवेदी का कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया और जोरदार जयघोष के साथ अपने नेता का स्वागत किया। कुछ देर के लिए सफदरगंज चौराहा भाजपा कार्यकर्ताओं के उत्साह और नारों से गूंजता रहा। कार्यकर्ताओं में हरीश द्विवेदी को पार्टी का राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने को लेकर विशेष उत्साह नजर आया।

संगठन के प्रति निष्ठा और अनुभव का मिला सम्मान: शरद अवस्थी

बीजेपी के पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी ने कहा कि हरीश द्विवेदी को भाजपा का राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने से पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, राजनीतिक अनुभव और कार्यशैली को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। असम प्रदेश भाजपा के प्रभारी के रूप में भी उनकी भूमिका संगठन की मजबूती और विस्तार के लिहाज से महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हरीश द्विवेदी का राष्ट्रीय महामंत्री बनने के बाद पहली बार बाराबंकी पहुंचना जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए गौरव और प्रेरणा का अवसर है।

शरद अवस्थी ने कहा कि स्वागत समारोह में जिस प्रकार पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में उत्साह के साथ शामिल हुए, वह भाजपा की संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं की एकजुटता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह यह संदेश देता है कि संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले पार्टी पदाधिकारियों, देवतुल्य कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यकर्ताओं का स्नेह ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत

पूर्व विधायक शरद अवस्थी ने कहा कि कार्यकर्ताओं का स्नेह, सहयोग और उत्साह ही भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता और संगठन के प्रति समर्पण से पार्टी को लगातार मजबूती मिलती है। हरीश द्विवेदी के स्वागत में उमड़ी भीड़ और कार्यकर्ताओं के उत्साह ने संगठन की मजबूती को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया।

बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद

स्वागत कार्यक्रम में भाजपा के बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने हरीश द्विवेदी को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने को मिला।