घर में घुसकर चोरी करने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार: पुलिस ने जेवरात और नकदी की बरामद

बाराबंकी। स्वाट, सर्विलांस और हैदरगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने घर में घुसकर चोरी की वारदात का राजफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी से संबंधित एक जोड़ी झुमकी, चांदी की हाफ पेटी, दो मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपितों ने हैदरगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में मकान में घुसकर बक्से का ताला तोड़ने के बाद सोने-चांदी के जेवरात और मोबाइल फोन चोरी किए थे।

एसपी बाराबंकी अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को स्वाट, सर्विलांस और हैदरगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। टीम ने चीनी मिल नहर पुल लाही मोड़ के पास से तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपितों की पहचान हैदरगढ़ थाना क्षेत्र के रानीखेर मजरे टिकरा निवासी दुर्गेश और दिलीप पासी तथा अमेठी जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के टिकरी निवासी सूरज पासी के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक 31 जुलाई और एक अगस्त की रात आरोपितों ने हैदरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कुमेदान मजरे अंसारी स्थित एक मकान को निशाना बनाया था। आरोपित घर में घुसे और बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और दो मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गए थे। घटना के संबंध में पीड़ित की तहरीर पर हैदरगढ़ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने सुराग जुटाते हुए आरोपितों तक पहुंच बनाई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपितों से की पूछताछ

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपितों से पूछताछ की। उनकी निशानदेही पर चोरी की संपत्ति बरामद किए जाने के आधार पर मुकदमे में चोरी की संपत्ति रखने से संबंधित धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस अब गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपितों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है, ताकि उनके पूर्व के मामलों और अन्य घटनाओं में संलिप्तता का पता लगाया जा सके।

इस कार्रवाई में स्वाट टीम प्रभारी अंकित त्रिपाठी, सर्विलांस प्रभारी अजय सिंह और हैदरगढ़ के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और चोरी सहित अन्य आपराधिक घटनाओं में शामिल लोगों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।