कोसीकलां। श्रीरामलीला संस्थान कोसीकलां के अध्यक्ष पद को लेकर पिछले कई दिनों से चल रही खींचतान का मंगलवार को पटाक्षेप हो गया। पंचों द्वारा कराए गए मतदान में गिरिराज चौधरी ने अपने प्रतिद्वंद्वी अजय वार्ष्णेय को 9-6 के अंतर से पराजित कर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। परिणाम घोषित होते ही गिरिराज चौधरी के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष का फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें बधाई दी।

बताते चलें कि गत 30 अगस्त को भारत मिलाप चौक स्थित हनुमान ध्वज के नीचे श्रीरामलीला संस्थान के अध्यक्ष पद को लेकर बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में अध्यक्ष पद के दावेदारों के बीच आम सहमति नहीं बन सकी थी। इसके बाद करीब 13 लोगों को पंच बनाए जाने की बात सामने आई थी, लेकिन बाद में पंचों की संख्या बढ़कर 15 हो गई। पंचों के चयन और अध्यक्ष पद को लेकर सभा में मौजूद लोगों के बीच भी कई सवाल उठे थे। आम सहमति नहीं बनने के कारण उस दिन अध्यक्ष पद का फैसला नहीं हो सका था।
मंगलवार को भारत मिलाप चौक के नजदीक बिहारी जी मंदिर पर पंचों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रीरामलीला संस्थान के अध्यक्ष पद के लिए मतदान कराया गया। मतदान में सभी 15 पंचों ने हिस्सा लिया। इसमें गिरिराज चौधरी को 9 वोट मिले, जबकि अजय वार्ष्णेय के पक्ष में 6 पंचों ने मतदान किया।
मतदान का परिणाम सामने आने के बाद सभा के अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने गिरिराज चौधरी को श्रीरामलीला संस्थान कोसीकलां का अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा की। घोषणा के बाद गिरिराज चौधरी के समर्थकों में उत्साह का माहौल दिखाई दिया। समर्थकों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
गिरिराज चौधरी के अध्यक्ष बनने के बाद अब आगामी ऐतिहासिक श्रीरामलीला महोत्सव और मेले की तैयारियों की जिम्मेदारी उनके नेतृत्व में होगी। आयोजन को लेकर नई कमेटी के गठन की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष गिरिराज चौधरी ने कहा कि जल्द ही कमेटी का गठन कर इसकी घोषणा की जाएगी। उनका प्रयास रहेगा कि श्रीरामलीला महोत्सव और मेले को भव्य स्वरूप दिया जाए। साथ ही आयोजन को बेहतर, व्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए सभी लोगों को साथ लेकर काम किया जाएगा।