
कृषक समाज इंटर कॉलेज में श्रद्धापूर्वक मनाई गई वीर अब्दुल हमीद की जयंती
गोला गोकर्णनाथ, खीरी। कृषक समाज इंटर कॉलेज, गोला गोकर्णनाथ में देश के वीर सपूत और परमवीर चक्र से सम्मानित वीर अब्दुल हमीद की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य अनन्त प्रकाश सरोज ने की।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक रवि प्रकाश वर्मा ने वीर अब्दुल हमीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि वीर अब्दुल हमीद का अदम्य साहस, वीरता और देशभक्ति आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका जीवन युवाओं को राष्ट्रसेवा, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देता है।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के विद्यार्थियों ने भी वीर अब्दुल हमीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। विद्यार्थियों ने उनके जीवन और देश के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने तथा राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।
इस दौरान विद्यालय परिसर में देशभक्ति का माहौल रहा। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से वीर अब्दुल हमीद जैसे वीर सपूतों के जीवन से प्रेरणा लेकर देश और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।